फुलवारीशरीफ के सर्राफा व्यापारी से कोडरमा में 1.30 करोड़ के सोने की लूट
क्राइम रिपोर्टर | फुलवारीशरीफ
फुलवारीशरीफ के पेठिया बाजार निवासी जगलाल साव के पोते व योगेंद्र साव के बड़े बेटे सर्राफा व्यापारी राजेश कुमार से हथियारबंद बदमाशों ने झारखंड के कोडरमा में एक करोड़ 30 लाख का सोना लूट लिया। बदमाशों ने उनका लक्जरी वाहन क्रेटा भी लूट लिया। लूट की खबर सर्राफा व्यापारी के घर और मोहल्ले में पहुंची तो परिवार वालों समेत अन्य लोगों के चेहरे पर मायूसी छा गई। उनके पिता योगेंद्र साव और चाचा सत्येंद्र प्रसाद ब्रेड के व्यापारी हैं तो परिवार के अन्य लोगों की घर में ही किराना की दुकान है। राजेश सर्राफा का कारोबार फुलवारी, खगौल, दानापुर से लेकर बिहटा समेत अन्य इलाके में करते हैं। सोना खरीदकर दुकानों में मार्केटिंग का कारोबार अकेले ही राजेश करते हैं। उन्होंने शादी नहीं की है। मंझले भाई विनोद की किराना दुकान है और छोटा भाई आनंद कुमार जूता-चप्पल का कारोबारी है।
सुधा डेयरी के कलेक्शन एजेंट से डेढ़ लाख की लूट
फुलवारीशरीफ | रामकृष्ण नगर थाना के खेमनीचक में सुधा डेयरी के कलेक्शन एजेंट रोहित कुमार गुप्ता से दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल के बल पर डेढ़ लाख रुपए लूट कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। रामकृष्णा नगर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी के सहारे बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
सुधा डेयरी के डिस्ट्रीब्यूटर रंजन के लिए रोहित काम करता है। दोनों ममेरे-फुफेरे भाई हैं। रोहित रविवार की दोपहर डेढ़ लाख रुपए लेकर लौट रहा था तभी खेमनीचक इलाके में एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक में धक्का मार गिरा दिया और कनपटी पर पिस्टल सटाकर रुपए से भरा बैग झपट कर ले भागे। बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। रोहित कदमकुआं के दरियापुर में किराए के घर में रहता है और मूल रूप से सिपारा एतवारपुर का रहने वाला है। रामकृष्णनगर थानेदार राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि सभी अपराधियों की उम्र 22 से 25 साल के आसपास बताई जा रही है।