पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गैरतगंज में गहराया जलसंकट,पानी के लिए परेशान हो रहे हैं रहवासी

गैरतगंज में गहराया जलसंकट,पानी के लिए परेशान हो रहे हैं रहवासी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लंबे समय से गैरतगंज तहसील वासी जलसंकट से जूझ रहे हैं। हर साल जलसंकट से जूझने वाले क्षेत्रवासियों के लिए शासन स्तर पर कोई स्थाई उपाय पेय जल व्यवस्था के लिए नहीं किए गए है। वही नगर के लिए बड़ी जल आवर्धन योजना लंबे समय से लंबित है। नगर की एक मात्र जल स्तर को ठहराव देने वाली बीना नदी भी ग्रीष्मकाल के पहले ही लगभग पूरी तरह सूख चुकी है।

लम्बे समय से अल्प जलस्रोतों से क्षेत्र की जनता अपने कंठ की प्यास बुझा रही है। क्षेत्र में हाल यह है कि स्थापित नलजल योजनाओं में अधिकांश बेकार पड़ी है। स्थापित हैंडपंपो ने दम तोड़ दिया है। वैकल्पिक उपायों के रूप में पुराने जलस्रोतों की सफाई के लिए भी विभागीय स्तर पर कोई प्रयास नहीं किए गए है। नगरीय क्षेत्र गैरतगंज और बडी आबादी के 173 ग्रामों में हर तरफ पेयजल संकट की त्रासदी रहती है। हालात यह है कि अभी से ही लोगों को पानी की एक एक बूंद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नगरीय क्षेत्र गैरतगंज में नागरिकों को दो दिन में एक बार पानी की सप्लाई दी जा रही है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पीएचई विभाग की लापरवाही के चलते लोग पानी के लिए परेशान हो रहे है। नगर की बीना नदी का पानी भी समाप्त हो जाने से जल स्तर गिरने लगा है।

पुराने जलस्रोतों की नहीं हुई सफाई : संपूर्ण तहसील क्षेत्र में व्याप्त जलसंकट के बावजूद प्रशासन स्तर पर वैकल्पिक उपायों के रूप में पुराने जलस्रोतों की सफाई का कार्य भी प्रारंभ नहीं कराया गया है। क्षेत्रभर में अनेक कुएं नदी तालाब एवं बावड़ी गंदगी एवं कचरे से लबालब पड़े है। परन्तु संबंधित विभागों द्वारा इनकी सफाई कर जलसंकट का हल खोजने का कोई प्रयास नहीं कराया जा रहा है।

जल आवर्धन योजना नहीं ले पाई मूर्तरूप
नगर गैरतगंज में पेयजल आपूर्ति के गिने चुने ही बोर है जिनसे पानी की आपूर्ति सभी 15 वार्डों में की जाती है। नगर का वर्षों पुराना हायर सेकंडरी स्कूल मैदान का बोर ग्रीष्म ऋतु के पहले ही दम तोड़ चुका है। वही अन्य जलस्रोतों का भी जल स्तर खिसक गया है। नगर के अधिकांश हैंडपंप बंद हो गए है। तो कुओं का पानी सूख गया है। हालांकि नगर परिषद द्वारा जल संकट के हल के प्रयास किए जा रहे है, परन्तु वे नाकाफी साबित हो रहे है। नगर के सभी 15 वार्डों में इस समय पानी की समस्या चल रही है। जलापूर्ति के लिए लंबे समय बाद नगर परिषद द्वारा जल आवर्धन योजना सेमरी जलाशय से तैयार की गई थी। परन्तु वह भी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की इच्छाशक्ति के अभाव में मूर्तरूप नहीं ले पाई है। सारी औपचारिकताएं पूर्ण होने एवं राशि नगर परिषद के पास आ जाने के बाद भी योजना का क्रियान्वयन नहीं हो सका है।

कर रहे हैं प्रयास
जल संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए है। वहीं जलावर्धन योजना के लिए पुनः प्रक्रिया की जा रही है। एमजी गोस्वामी, नपा सीएमओ गैरतगंज

खबरें और भी हैं...