चार साल पहले हुआ था भूमिपूजन पर आज तक नहीं बन नाला
नगर परिषद के वार्ड 14 में वनमंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने 4 वर्ष पूर्व लाखों रुपए के नाले का निर्माण का भूमि पूजन किया था, लेकिन इस नाले का निर्माण कार्य आज तक प्रारंभ नहीं ं हो सका है, जिसके कारण वार्डवासी परेशान हो रहे है। इस मामले में मजे की बात यह है कि इस निर्माण कार्य के पूर्व में दो बार नगर परिषद द्वारा विज्ञप्ति एवं टेंडर भी जारी किए जा चुके है बावजूद इसके निर्माण की ओर कोई ध्यान नही है।
वार्ड क्रमांक 14 गेहूंरास के कुशनगर क्षेत्र में गीधन नाले का निर्माण कार्य विगत कई वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। इसके निर्माण नहीं होने से वार्डवासियों को बारिश के मौसम में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वार्डवासियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2010 में परिषद की बैठक में इसके निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। बाद में 2014 में वनमंत्री डा.गौरीशंकर शेजवार ने गीधन नाला निर्माण स्थल का भूमि पूजन भी किया। परंतु इन सबके बावजूद नाले के निर्माण के प्रस्ताव के 8 वर्ष एवं भूमि पूजन के 4 वर्ष निकल जाने के बाद भी निर्माण कार्य नगर परिषद ने प्रारंभ नहीं कराया। वार्डवासी देवेंद्र ठाकुर, जमनाप्रसाद कुशवाह, संदीप, नारायण सिंह कुशवाह, संतोष कुमार ने बताया कि नाला निर्माण नहीं होने से बारिश के मौसम में एक एक हफ्ते तक आवागमन बाधित हो जाता है। ऐसे में उनके बच्चे न तो स्कूल जा पाते है और न ही वार्डवासी अपने रोजमर्रा के कार्य कर पाते है। जिसके कारण वार्डवासी परेशान है। इस संबंध में वार्ड पार्षद कन्हैयालाल मालवीय ने बताया कि नाले के निर्माण के लिए कई बार सीएमओ से कहा गया। परन्तु उन्होंने कोई रूचि नहीं दिखाई। उन्होंने बताया कि इसके निर्माण के लिए पूर्व में 2 बार विज्ञप्ति एवं टेंडर लगाए गए। परन्तु निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया। इस निर्माण कार्य एवं वार्डवासियों की परेशानी को लेकर उन्होंने कई बार परिषद की बैठक में भी अपनी बात रखी। परन्तु आज तक कोई हल नहीं निकला।
नगर के वार्ड 14 गीधन नाले का मामला
अब तक नहीं बन पाया नाला