प्रधानमंत्री आवास एवं पट्टे बनवाने के लिए जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीण
तहसील मुख्यालय पर मंगलवार को हुई खंड स्तरीय जनसुनवाई में क्षेत्रभर के लगभग एक सैकड़ा से अधिक लोग प्रधानमंत्री आवास एवं पट्टे बनवाने का निवेदन लेकर पहुंचे। इसके अलावा विभिन्न ग्रामों के ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी अपनी अपनी समस्याएं बताई। जनसुनवाई में आए आवेदनों में कुछ का निराकरण त्वरित किया गया। वही लंबित आवेदनों का निराकरण करने का आश्वासन दिया गया।
जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को जनपद कार्यालय के सभागार में एसडीएम एमपी बरार, तहसीलदार सुनील प्रभाष, जनपद सीईओ नीलम रायकवार, नायब तहसीलदार हेमराज मेहर सहित अन्य विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में सम्पन्न हुई। जिसमें विभिन्न प्रकार की समस्याएं लेकर लोग पहुंचे। अधिकारियों के सामने ग्राम गढ़ी से लगभग 72 आवेदक ऐसे आए जिनके नाम प्रधानमंत्री आवास की पात्रता सूची में नाम तो है परन्तु लंबे समय इंतजार के बाद भी उनको आवास नसीब नहीं होगा। ऐसे गरीब तबके के हितग्राहियों ने अधिकारियों के समक्ष जनसुनवाई में पहुंचकर बताया कि उनके कच्चे मकान काफी जर्जर है। बारिश के मौसम में उन्हें कई प्रकार की परेशानियां आएंगी। ऐसे में यदि उनके जल्द प्रधानमंत्री आवास नहीं बने तो वे सड़क पर आ जावेंगे। एसडीएम ने सभी आवेदकों को जल्द कार्यवाही कर उनकी मांग पूरी कराने का आश्वासन दिया। इसके अलावा ग्राम पंचायत भानपुरगंज के लगभग 1 दर्जन से अधिक घुमक्कड़ जाति के आवेदकों ने जनसुनवाई में पहुंचकर अधिकारियों को बताया कि वे ग्राम भानपुरगंज एवं धनगंवा में जिस भूमि वे वर्षों से निवास करते हैं उसका उन्हें पट्टा दिया जाए। ताकि वे प्रधानमंत्री आवास का लाभ ले सके।