आक्रोशित किसानों ने किया चक्काजाम का प्रयास
गैरतगंज| कृषि उपज मंडी में बनाए गए समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र पर तुलाई में गड़बड़ी का मामला उजागर हुआ है। यहां गड़बड़ियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को तुलाई में गड़बड़ी सहित अन्य अनियमितताओं पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान आक्रोशित किसानों ने चक्काजाम का प्रयास भी किया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने मंडी पहुंचकर व्यवस्थाएं संभालीं, तब जाकर मामला शांत हुआ।
कृषि उपज मंडी के समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र पर तुलाई में 800 ग्राम प्रति क्विंटल अधिक तौले जाने, पूर्व के नंबर वाले किसानों की जगह बाद के नंबरों वाले किसानों की सेटिंग के आधार पर तुलाई होने, केंद्र में पानी की व्यवस्था न होेने, व्यापारियों का माल सेटिंग के आधार पर तौले जाने सहित अन्य गड़बड़ियों पर किसान आक्रोशित हो गए। इस बात को लेकर किसानों ने हंगामा कर दिया। इससे तुलाई का कार्य ठप हो गया। केंद्र प्रबंधक द्वारा संतोषजनक समाधान न किए से गुस्साए किसानों ने चक्काजाम का प्रयास भी किया। इससे मंडी में अफरातफरी मच गई। हंगामे की सूचना मिलने पर एसडीएम एमपी बरार अधिकारियों की टीम के साथ मंडी पहुंचे और किसानों से बात की।