शिक्षा विभाग में काम करने वाले शिक्षकों अध्यापकों एवं अन्य कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा परिवेदना शिविर लगाकर समस्याओं का निवारण किया जाएगा। गैरतगंज में यह शिविर 18 मई शुक्रवार को लगेगा।
शिक्षा विभाग के कार्यरत अमले की लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए विभाग परिवेदना शिविर नाम से आयोजन कर रहा है। जिसमें शिक्षकों अध्यापकों एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों की समस्याओं को सुनकर उन्हें निराकृत किया जाएगा।
यह शिविर 18 मई शुक्रवार को उत्कृष्ट विद्यालय गैरतगंज में आयोजित किया जाएगा। डीईओ आरपी सेन ने शिविर की जानकारी देते हुए बताया कि इस शिक्षक समस्या निवारण शिविर का आयोजन प्रातः 10:30 बजे से 5:30 बजे तक किया जाएगा। शिविर में सभी शिक्षक, अध्यापक व अन्य विभागीय कर्मचारी अपनी अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। तथा स्थापना, वरिष्ठता निर्धारण, समयमान वेतनमान, क्रमोन्नति, वरिष्ठ वेतनमान, वेतन संबंधी समस्या, वेतन वृद्धि, अंशदान कटौत्रा, अवकाश संबंधी समस्याएं सामान्य भविष्य निधि, गोपनीय चरित्रावली आदि विषयों पर कर्मचारियों की शिकायतों का निवारण किया जाएगा।
शिक्षक, अध्यापक, कर्मचारी निर्धारित आवेदन पूर्व से ही तैयार कर शिविर में प्रस्तुत करने के लिए साथ लाएं। साथ ही अपना यूनिक आईडी और अपनी संस्था का डाइस कोड भी आवेदन में अनिवार्यतः लिखें। बीईओ आरआर सिंह ने समस्त संकुल प्राचार्य व लिपिक समस्त स्टॉफ को संस्था की सील सहित शिविर में उपस्थित रहने को कहा है।