मुक्तिधाम के कायाकल्प के लिए 2 लाख रु. 6 माह बाद भी नहीं मिले
नगर के वार्ड 6 स्थित मुक्तिधाम के कायाकल्प के लिए विगत 6 माह पूर्व क्षेत्रीय विधायक डाॅ. गौरीशंकर शेजवार द्वारा दी गई 2 लाख की राशि 6 माह के अंतराल के बाद भी जारी नहीं हो सकी है। जिसके कारण मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के काम रुक गए हैं। गौरतलब है कि प्रशासन की बेरूखी के चलते मुक्ति धाम के कायाकल्प के लिए पिछले वर्ष जुलाई माह से नगर वासियों ने मुक्तिधाम सुधार समिति बनाकर इसके उद्धार के लिए आगे आए थे।
विगत वर्ष मुक्तिधाम सुधार समिति ने नगर के वार्ड 6 किसानी मोहल्ला स्थित मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण उसके सुधार के लिए कार्य शुरू किया था। समिति ने समिति के सदस्यों एवं नागरिकों से आर्थिक सहयोग लेकर मुक्तिधाम का कायाकल्प कराना प्रारंभ किया। धीरे धीरे मुक्तिधाम की सफाई, फेसिंग, पौधरोपण एवं समतलीकरण का कार्य कराकर कुछ ही माह में मुक्तिधाम की तस्वीर बदल दी। बाद में मुक्तिधाम में बड़े कार्यों को कराने के लिए क्षेत्रीय विधायक डाॅ. गौरीशंकर शेजवार से अपील की। मुक्तिधाम समिति के आग्रह पर उन्होंने अपनी विधायक निधि से 2 लाख की राशि त्वरित रूप से देने का आश्वासन दिया। बाद में योजना मंडल तक राशि तो आई। पर वह राशि 6 माह से अधिक के अंतराल के बीच योजना मंडल एवं नगर परिषद के बीच उलझकर रह गई। आज हालात यह है कि नगरवासी ही आर्थिक सहयोग कर व्यवस्थाएं जुटा रहे हैं। मुक्तिधाम समिति के सदस्य विनोद मालवीय, राम माहेश्वरी, नीरज जैन, राकेश गौर, मलखान गौर, टिंकू साहू आदि लोगों ने बताया कि मुक्तिधाम में कभी बहुत कार्य बाकी है। इसके लिए उन्हें पैसे की आवश्यकता है। विधायक के सहयोग के बाद उन्हें उम्मीद थी की उक्त राशि से कहीं न कहीं मुक्तिधाम के उद्धार के कार्य को आगे बढ़ाएंगे। परंतु राशि नहीं आने से वे हताश हैं। समिति के सदस्यों ने विधायक डॉ. गौरीशंकर शेजवार से अपील की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द राशि जारी करवाकर इस कार्य में सहयोगी बने। इस संबंध में नपाधिकारी एमजी गोस्वामी का कहना है कि मुक्तिधाम में कार्य कराने के लिए एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। जल्द ही राशि स्वीकृत हो जाएगी।