भाजपा सरकार तेंदूपत्ता संग्राहकों के कल्याण के लिए कई सौगातें लेकर आई है। सीधे मजदूरी कार्य से जुड़े तेंदूपत्ता श्रमिकों को इस बार बोनस की राशि के अलावा चरण पादुका सहित अन्य जरूरी सामग्री सरकार की ओर से निशुल्क दी जा रही है। मुख्यमंत्री की कल्याणकारी सोच के चलते यह सब संभव हो पाया है।
यह बात वनमंत्री एवं विधायक डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने गैरतगंज तहसील के ग्राम अगरियाकलां, जुझारपुर एवं रमपुराकलां में आयोजित तेंदूपत्ता बोनस वितरण एवं चरण पादुका योजना के कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कही।
वनमंत्री ने शनिवार को तहसील के ग्राम अगरियाकलां, जुझारपुर एवं रमपुराकलां में तेंदूपत्ता बोनस वितरण एवं चरण पादुका योजना के तहत आयोजित कार्यक्रमों में तेंदूपत्ता संग्रहण के कार्य से जुड़े 1576 श्रमिकों को बोनस राशि का वितरण किया। इन श्रमिकों को मंत्री ने 16 लाख 40 हजार की राशि का बोनस बांटा। वनमंत्री ने इन कार्यक्रमों में महिला एवं पुरुष श्रमिकों को जूता, चप्पल, साड़ी एवं पानी की बाटल का वितरण भी किया। इस मौके पर कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता डा.जयप्रकाश किरार, जिला उपाध्यक्ष निरपत सिंह लोधी एवं मंडल अध्यक्ष मूरत सिंह ठाकुर मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष ममता पुर्ते ने की। वनमंत्री ने इस मौके पर आयोजित कार्यक्रमों में तेंदूपत्ता संग्राहकों को संबोधित करते हुए कहा कि मप्र की भाजपा सरकार ने भीषण गर्मी में तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य करने वाले एवं असंगठित क्षेत्रों में कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए अनेक योजनाएं लागू कर उनका क्रियान्वयन शुरू किया है। तेंदूपत्ता श्रमिकों को दिया जा रहा यह लाभ इस बात का प्रमाण है। उन्होंने शासन की जनहित की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आप सभी अपनी पात्रता के अनुसार इन योजनाओं का लाभ अवश्य प्राप्त करें। आयोजनों में वन विभाग के डीएफओ राजेश खरे एवं रेंजर एके झंवर ने विभाग द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम
तेंदूपत्ता बोनस वितरण एवं चरण पादुका योजना कार्यक्रम में शामिल हुए वनमंत्री
तेंदू पत्ता संग्रहाकों को वनमंत्री ने बांटा बोनस व सामग्री।
विभाग ने बांटा बोनस एवं सामग्री
वन विभाग ने वनमंत्री की मौजूदगी में अगरियाकलां, जुझारपुर एवं रमपुराकलां के नौ फड़ों से जुड़े 1576 तेंदूपत्ता संग्राहकों को 16 लाख 40 हजार की राशि का बोनस बांटा। वहीं 805 श्रमिकों को जूता, 771 को चप्पल, 771 महिला श्रमिकों को साड़ी एवं 1576 श्रमिकों को पानी की बाटल का वितरण किया गया। यह सभी श्रमिक अगरियाकलां, उड़दमऊ, बेलना, जुझारपुर, झामर, पटी मानक चौक एवं घाना ग्रामों से शामिल हुए।