बेंच की कमी से छात्राएं जमीन पर बैठ पढ़ने को मजबूर
गालूडीह | एक ओर सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा बुलंद कर रही है। सरकार बालिकाओं को शिक्षित करने के लिए कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय की स्थापना कर रही है। वहीं गालूडीह स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय में कक्षा 6 की 75 छात्राएं जमीन पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। कक्षा में पर्याप्त मात्रा में बेंच व डेस्क नहीं है। कस्तूरबा बालिका विद्यालय में कुल छात्राओं की संख्या 350 है। भवन एवं कक्षा नहीं होने के कारण छात्राएं जमीन पर बैठकर पढ़ाई करने को विवश हैं। कक्षा 6 में केवल 5 बेंच व डेस्क हैं। जिससे कई छात्राओं को नीचे बैठकर पढ़ाई करना पड़ता है। इस संबंध में वार्डन लिपिका साव ने बताया कि विभाग को लिखित में इसकी जानकारी दी गई है। साथ ही कक्षाएं चलाने के लिए कमरे, हॉस्टल व शौचालय आदि भी की मांग की गई है।