पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पोइला बैशाख पर बंगाली बालाओं ने बिखेरा जलवा, प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत

पोइला बैशाख पर बंगाली बालाओं ने बिखेरा जलवा, प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अनुमंडल के विभिन्न इलाकों में पोइला बैशाख पर अलग-अलग स्थानों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा दिनभर पूजा पाठ का दौर चलता रहा। शहर के लिटिल एंजेल्स स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें बंगाली बालाओं ने स्टेज पर जलवा बिखेरा। बेहतर प्रतिभागियों को आयोजन कमेटी की ओर से पुरस्कृत भी किया गया। इस संबंध में संचालक अमित सेन ने बताया कि स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा निखारने के लिए इस तरह के कार्यक्रम किए जाते हैं। इस मौके पर घाटशिला के अलावा जादूगोड़ा और गालूडीह रंकिणी मंदिर में पूजा पाठ के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु जुटे थे। मंदिर में पूजा के लिए लंबी कतार लगी हुई थी। जादूगोड़ा रंकिणी मंदिर में करीब 500 मीटर तक श्रद्धालुओं की कतार थी। घाटशिला रंकिणी मंदिर में सुबह 6 बजे से श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। 10 बजते-बजते काफी संख्या में पूजा करने के लिए भक्त यहां जुट गए।

गमछा ओढ़ाकर बाबा विनयदास को किया गया सम्मानित गालूडीह बंगाली युवा मंच द्वारा पोइला बैशाख के अवसर पर गालूडीह बाजार में तोरण द्वार बनाया गया था तथा सभी आगंतुकों को शरबत, चना, गुड़ व मिठाई का वितरण किया गया। मंच के अध्यक्ष डॉ अमित चटर्जी ने बताया कि बंगाली समाज का बंगला नववर्ष के अवसर पर यह आयोजन किया गया है। इस अवसर पर रंकिणी मंदिर में पूजा के लिए काफी भीड़ जुटी थी। कांग्रेस के काल्टू चक्रवर्ती अपने कार्यकर्ताओं के साथ मां रंकिणी मंदिर में पूजा पाठ की। वहीं पुजारी बाबा विनयदास को उन्होंने गमछा ओढ़ाकर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा मऊभंडार में मां रंकिणी उत्सव मनाया गया लेकिन बाबा जी का सम्मान नहीं हुआ, जो निंदनीय है।

रंकिणी मंदिर में पूजा करने आए भक्त।

गालूडीह : रंकिणी मंदिर के पुजारी बाबजी को सम्मानित करते कांग्रसी।

बांंग्ला शिक्षा को तरस रहे हैं बांग्ला भाषी बच्चे : डॉ. अमित सरदार

घाटशिला| घाटशिला के लिटिल एंजेल्स स्कूल परिसर में बंगला नववर्ष के अवसर पर रविवार शाम को वर्ष वरण 1825 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झारखंड बंगाली समिति साहित्य संस्कृति परिषद मुसाबनी और लिटिल एंजेल्स स्कूल द्वारा किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ अमित सिंह सरदार शामिल थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ अमित सिंह सरदार ने कहा कि आज घाटशिला की यह स्थिति है कि यहां के बंगला भाषी लोग अपने बच्चों को बंगला भाषा में शिक्षा देने को तरस रहे हैं। किसी स्कूल में बंगला भाषा की पढ़ाई नहीं होती है। घाटशिला का इतिहास भारत की स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा है। कार्यक्रम में रमा गुप्ता, तापस गोराई, सोमनाथ दास, रतना मुखर्जी के ग्रुप ने स्वागत गीत गीत एशो एशो हे पोइला बैशाख की बोल पर बंगला गीत प्रस्तुत किया। सुप्रिया सिंह और श्रेया सरकार के ग्रुप ने डांस आनंद लोक रवींद्र संगीत की बोल पर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ अमित सिंह सरदार, डॉ बीरेंद्र नाथ घोष, आहनिक बटव्याल, अमित सेन, भाषा सेन, र|ा मुखर्जी, तापस चटर्जी, रूद्र प्रताप सिंह सरदार, रोमा गुप्ता, नीलिमा सरकार, डॉ प्रोबाल सनातनी, सोमिता आदि शामिल थीं।

पोइला वैशाख पर चना, गुड़ व शरबत का वितरण

धालभूमगढ़| रविवार को धालभूमगढ़ स्टेशन चौक पर काली मंदिर परिसर में बंगभाषी समिति की ओर से पोइला वैशाख के उपलक्ष्य पर चना, गुड़ व शरबत का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम सुबह से दोपहर 2:00 बजे तक चला। इस दौरान काफी संख्या में लोगों ने चना, गुड़ व शरबत ग्रहण किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में राहुल सेनगुप्ता, आशीष सामंत, प्रकाश पाल, सुदीप पांडे, दिलीप बनर्जी, अमित मुखर्जी, सरोज रंजन बनर्जी, शशांक कर, मंतोष दास, संजय माहली आदि ने विशेष रूप से सहयोग किया।

मां रंकिणी की पूजा कर मांगी सुख समृद्धि

जादूगोड़ा|
पोइला बैशाख के अवसर पर रविवार को बंगाली समाज द्वारा रंकिणी मंदिर में भक्तिभाव से पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर लोगों ने मां रंकिणी की पूजा कर सुख समृद्धि की कामना की। इससे पूर्व अहले सुबह से ही समाज के लोग विभिन्न परिधानों में सजकर मंदिर पहुंचे थे। यहां लोगों ने मां रंकिणी मंदिर में पूजा अर्चना की। इस अवसर पर शरबत व महाभोग आदि की भी व्यवस्था की गई थी। मंदिर के मुख्य पुजारी अनिल सिंह बाबा ने बताया कि पोइला बैशाख के अवसर पर क्षेत्र के हजारों लोग प्रति वर्ष पूजा करने आते हैं। मां के दरबार में जादूगोड़ा, राखा, नरवापहाड़, मुसाबनी, घाटशिला, काशिदा, गालूडीह, जमशेदपुर आदि क्षेत्र के लोगों ने रंकिणी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की और एक दूसरे को नववर्ष की बधाई दी।

निकाली गई प्रभातफेरी

बंगला नववर्ष के मौके पर मऊभंडार के बाबू लाइन स्थित इवनिंग क्लब के सदस्यों द्वारा रविवार को प्रभातफेरी निकाल गई। इवनिंग क्लब से शुरू होकर प्रभातफेरी आईसीसी वर्कर्स मेनगेट होकर पुनः बाबू लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभातफेरी में बड़ी संख्या में छोटे-छोटे स्कूली बच्चे और स्थानीय महिलाएं शामिल थीं।

खबरें और भी हैं...