साइकिल से घोंघा बेचने जा रहे युवक पर गिरा ठनका, निधन
ठनका की चपेट में आने से बुधवार को सियालबिंदा निवासी सुधीर बेरा (40) की मौत हो गई। वह घोंघा बेचने के लिए जा रहा था। शाम को 5.40 में मौसम खराब होने के बाद तेज आवाज से साथ ठनका गिरा। जिसकी चपेट में वह आ गया। कुछ देर तक तड़पने के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना पाकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने तत्काल इसकी सूचना बहरागोड़ा थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह को दी। साथ ही पोस्टमार्टम कराने की बात कह आला अधिकारियों से मृतक के परिवार को मुआवजा राशि दिलाने की पहल करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि वज्रपात से मृत्यु होने पर सरकार की ओर से 4 लाख रुपए की मुआवजा राशि दी जाती है।
ठनका से मरे दो बैल, 50 हजार रुपए का नुकसान
गुड़ाबांदा| थाना क्षेत्र के फारेस्ट ब्लॉक पंचायत अंतर्गत माछभांडार में बुधवार शाम को ठनका गिरने से 2 बैलों की मौत हो गई। दोनों बैल माछ भंडार के किसान गणेश हेंब्रम के थे। गणेश हेंब्रम को लगभग 50 हजार की क्षति हुई है।
40 पशुपालकों को बकरी पालन का दिया जा रहा प्रशिक्षण
गालूडीह| दारीसाई क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में 40 पशुपालकों को 6 दिवसीय बकरी पालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम में व्यावसायिक रूप से बकरी पालन के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण देने हेतु डॉ रवींद्र मोहन मिश्रा, डॉ संजय कुमार तथा डॉ रजनी प्रभा महतो उपस्थित थे।
25 किसानों को फूल की खेती का प्रशिक्षण
गालूडीह| दारीसाई स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के प्रांगण में माली प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर 5 दिवसीय प्रशिक्षण के तीसरे दिन 25 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पौधों के रख-रखाव, फल तथा फूलों की खेती के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। मौके पर डॉ आरती वीणा एक्का तथा डॉ नसीम उपस्थित थे।