सोमवार को गालूडीह रिसोर्ट में झामुमो के कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर अभी से चुनाव कार्य में लग जाने का आह्वान किया गया। इस मौके पर बहरागोड़ा के विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि 2019 का चुनाव अस्तित्व की लड़ाई है। भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। संवैधानिक संस्थाओं को नष्ट किया जा रहा है। कार्यकर्ता गांव में जाकर लोगों को सरकार की विफलताओं को बताएं। बेरोजगार व विद्यालयों के विलय होने से लोग परेशान हैं। अस्पताल में चिकित्सक नदारद हैं। झामुमो गरीबों की पार्टी है। जमीनी स्तर से काम करना होगा। सरकार दलितों व मूलवासियों को समाप्त करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार हो जाएं। इस बार झामुमो की सरकार बनेगी। इस अवसर पर उपस्थित पूर्व विधायक सह झामुमो जिलाध्यक्ष रामदास साेरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2019 के चुनाव के लिए तैयार हो जाएं। भाजपा से जनता परेशान है। झारखंड अलग हुए 18 वर्ष हो गए। 2019 का चुनाव पार्टी के लिए अग्नि परीक्षा के समान है। चुनाव के 15 दिन पहले गांव में बैठना होगा, पहरा देना होगा। भाजपा पैसे से वोट लेगी।