शहर के गांधी नगर में 250 घरों को नसीब नहीं हो रहा है स्वच्छ पेयजल
गन्नौर. शहर के गांधी नगर में 250 घरों में नसीब नहीं हो रहा स्वच्छ पेयजल, मजबूरन बाहर से पानी लाकर बुझानी पड़ रही प्यास।
भास्कर न्यूज | गन्नौर
शहर के वार्ड 1 में खेड़ी रोड पर गांधी नगर के लोगों को पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा। लोगों को मजबूरन बाहर से पानी लाकर प्यास बुझानी पड़ रही है। पार्षद से लेकर अधिकारियों तक पानी की समस्या को लेकर गुहार लगा चुके है, लेकिन उनकी समस्या को अनदेखा किया जा रहा है। गांधी नगर में करीब 250 घरों के लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। यहां पर पानी की समस्या वर्षों से है।
चुनाव में पार्षद भी उन्हें स्वच्छ पानी मुहैया करवाने का आश्वासन देते आ रहे है, लेकिन पार्षद बनने के बाद उनकी समस्या को भूल जाते है। मंगलवार को कॉलोनी वासी नरेश, लाल सिंह, ओमप्रकाश, रणबीर, अंगूरी, रोशनी, सुमन, राजो, सरोज, रामकली, निर्मला, सुदेश कुमारी आदि ने कहा कि सीएम विंडो में शिकायत के बाद लोग पानी की समस्या को लेकर एसडीएम से शुरुआत करेंगे। उसके बाद पब्लिक हेल्थ कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे।
पानी की समस्या को किया जाएगा दुरुस्त : जेई
पब्लिक हेल्थ विभाग के जेई सतीश कुमार ने बताया कि गांधी नगर में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है तो बुधवार को कर्मचारियों को भेजकर लाइन को चेक करवा दिया जाएगा। अगर कई से लीकेज है तो उसे ठीक करवाया जाएगा।