गन्नौर| खेड़ी रोड पर स्थित जाट धर्मशाला में शुक्रवार को भाकियू की एक बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता भाकियू के ब्लॉक प्रधान रणबीर सिंह आंतिल ने की। बैठक में राष्ट्रीय स्तर के 1 से 10 जून तक शहरों में सब्जी, दूध, चारा समेत अन्य सामान की खरीद न करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आंदोलन को सफल बनाने को लेकर खंड के गांवों में दौरा करने की बात कही।
जिला प्रधान रोहताश बैनीवाल ने कहा कि जब भाजपा सत्ता में नहीं थी तब किसानों के मुद्दों को जोरशोर के साथ उठाती थी। लेकिन अब वही भाजपा सत्ता में आने के बाद किसानों की आवाज को दबाने का काम कर रही है। भाजपा ने जींद में हुई किसान महापंचायत में शपथ पत्र देकर स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करना, किसानों के कर्जे माफ करना समेत अन्य वायदे किए थे। जिससे अब यह सरकार मुकर गई है। फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों के खातों से पैसे प्रीमियम किस्त के बहाने से काट लिए। लेकिन स्पेशल गिरदावरी होने के बाद भी किसानों को खराब फसल का मुआवजा नहीं मिला। मौके पर पर भाकियू उपप्रधान भीम सिंह आंतिल, जयभगवान मलिक, बलराज, बलजीत आदि उपस्थित रहे।