नादिया के ग्रामीणों की शिकायत पर जांच करने पहुंचे तहसीलदार, अब बनेगी रिपोर्ट
भास्कर न्यूज | गंडई पंडरिया
शासन द्वारा वित्तीय वर्ष में कुआं खनन का कार्य मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों में करवाया जा रहा है। इसी के तहत ग्राम पंचायत नादिया में भी कृषक धनीराम के खेत में कुआं खनन की स्वीकृति मिला हुआ है।
बीते दिन ग्राम पंचायत नादिया के ही ग्रामीणों जिसमें जनउ राम पटेल, राजकुमार पटेल,राकेश विश्वकर्मा एवं अन्य ने मिलकर उक्त कुआं खनन को लेकर गंडई के नायब तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता को लिखित शिकायत किया था। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत में बताया है कि कुआं खनन की स्वीकृति उक्त कृषक धनीराम के खेत में पास हुआ है, जबकि धनीराम के खेत में पहले से ही कुआं है। इस प्रकार सरपंच और कृषक द्वारा मिलीभगत करके सरकारी रुपए का गबन किया जा रहा है। नायब तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता ने बताया कि अभी शिकायत की जांच जारी है। शीघ्र ही जांच पूरी कर वरिष्ठ अधिकारी को रिपोर्ट सौंपेंगे।
नादिया से शिकायत मिलने के बाद मनरेगा में चल रहे कुआं निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण गंडई के तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता द्वारा किया गया। निरीक्षण में नादिया के किसान धनीराम के निजी खेत में मनरेगा योजना में स्वीकृत कुआं निर्माण में मजदूर कार्य कर रहे थे। तहसीलदार ने मजदूरों से कुआं खनन के बारे में एवं कार्य से संबंधित दिक्कतों के बारे में पूछताछ की। किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होना मजदूरों ने बताया। जांच के दौरान तहसीलदार के साथ निरीक्षण में हल्का पटवारी शिवानी मिश्रा, शिकायतकर्ता, सरपंच पति, सहित मजदूर उपस्थित रहे थे।
गंडई पंडरिया.ग्राम नादिया में कुआं निर्माण की जांच की गई। वहां गड्ढा मिला।