- Hindi News
- National
- जगह का पता ही नहीं, रेस्ट हाउस में ही कर दिया अंबेडकर भवन की शिलान्यास पट्टिका का अनावरण
जगह का पता ही नहीं, रेस्ट हाउस में ही कर दिया अंबेडकर भवन की शिलान्यास पट्टिका का अनावरण
कार्यालय संवाददाता | गंगापुर सिटी
मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुसार शहर में बनने वाले अंबेडकर भवन के शिलान्यास को लेकर शनिवार को रोचक स्थिति हो गई। भवन के स्थान को लेकर शुक्रवार को हुए विवाद के बाद शनिवार तक यह बात भी स्पष्ट नहीं थी कि भवन कहां बनेगा, इसके बावजूद बजरिया स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर हुए अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के दौरान आनन-फानन में भवन की शिलान्यास पट्टिका का अनावरण कर दिया गया।
गौरतलब है कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक अंबेडकर भवन बनाने के लिए इस साल के बजट में मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी। सभी अंबेडकर भवनों का शिलान्यास प्रदेश में एक साथ अंबेडकर जयंती पर शनिवार को होना था। उद्घाटन की औपचारिकता निभाना जरूरी था, लेकिन भवन के स्थान को लेकर शुक्रवार को हुए विवाद के कारण यह कार्यक्रम विधिवत रूप से नहीं हो सका और अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम के दौरान ही शिलान्यास पट्टिका का अनावरण कर औपचारिकता पूरी की गई।
इस मौके पर विधायक मानसिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुसार अच्छी जगह अंबेडकर भवन बने, इसके लिए जगह चिह्नित किया लेकिन कुछ लोगों के विरोध के बाद 15 दिन में इस पर वार्ता कर निर्णय लेने पर सहमति बनी इसके बावजूद एसडीएम को ज्ञापन देने से उन्हें दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि अंबेडकर भवन का शिलान्यास पूरी इज्जत और बिना विवाद के किया जाएगा और इसमें वे अपने जीवन की भी परवाह नहीं करेंगे।
गंगापुर सिटी . अंबेडकर भवन की शिलापट्टिका का अनावरण करते विधायक मानसिंह गुर्जर व अन्य।
यह था विवाद
अंबेडकर भवन के लिए नगर परिषद द्वारा नहर रोड तलाई वाले कब्रिस्तान के पास जमीन को चिह्नित किया था लेकिन इसका पता चलने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने इसका विरोध जताते हुए कहा कि कब्रिस्तान के स्थान पर अंबेडकर भवन कैसे बनाया जा सकता है। समाज के कई लोग परिषद पहुंचे और यहां आयुक्त और विधायक के समक्ष उक्त जगह पर कब्रिस्तान होने का हवाला देते हुए अंबेडकर भवन बनाने का विरोध किया। इस पर विधायक ने कहा था कि उनके अलावा सभापति और मुस्लिम समाज के लोग वार्ता कर 15 दिन में इसका हल निकाल लेंगे, तब जाकर मामला शांत हुआ। वहीं मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने इसी मामले में एसडीएम को ज्ञापन देकर कब्रिस्तान की जगह पर अंबेडकर भवन बनाने का विरोध किया।