परशुराम की शोभायात्रा 18 को
वजीरपुर | ब्राह्मण सदन से 18 अप्रैल को परशुराम भगवान की शोभायात्रा प्रमुख मार्ग से निकाली जाएगी। समाज के युवा तहसील अध्यक्ष सत्यदेव शर्मा बताया कि इस अवसर पर परशुराम की महाआरती का भी आयोजन किया जाएगा।
उज्ज्वला योजना के तहत पिछड़ी महिलाओं को मिलेंगे फ्री कनेक्शन
गंगापुर सिटी | उज्जवला योजना के तहत एससी, एसटी, अंत्योदय और अति पिछड़ावर्ग के परिवार की महिलाओं को फ्री गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। नील भारत गैस एजेंसी ग्रामीण वितरक के मालिक व समाजसेवी मुक्तदिर अहमद ने बताया कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी उज्जवला योजना के तहत महिलाओं को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। उन्होंने एससी, एसटी, अंत्योदय और अति पिछड़ावर्ग के परिवारों से गैस कनेक्शन लेने के लिए राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाता और 4 फोटो गैस एजेंसी पर जमा कराने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि गैस कनेक्शनों का वितरण 20 अप्रैल को पंचायत दिवस पर किया जाएगा।
ब्राह्मण समाज ने मुख्यमंत्री को भेजी शुभकामनाएं
वजीरपुर | ब्राह्मण समाज की ओर से राज्य सरकार व मुख्यमंत्री को परशुराम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने पर आभार प्रकट करते हुए शुभकामना पत्र भेजा। समाज के अध्यक्ष सत्यदेव, दामोदर शुक्ला ने बताया कि समाज के छोटेलाल व्यास, श्यामसुन्दर शर्मा, महेन्द्र शर्मा, सीताराम शर्मा सहित अनेक लोगों ने अवकाश को लेकर आभार प्रकट किया।
युवा ब्राह्मण समाज तहसील कोषाध्यक्ष बने नरेंद्र शर्मा
वजीरपुर | ब्राह्मण धर्मशाला में युवा ब्राह्मण समाज तहसील अध्यक्ष सत्यदेव शर्मा की अध्यक्षता में युवा ब्राह्मण मंडल की बैठक संपन्न हुई जिसमें नरेंद्र शर्मा को सर्व सम्मति से कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं 18 अप्रैल को परशुराम जयंती मनाने पर विचार करते हुए प्रभात फेरी पर चर्चा की। सभी ब्राह्मणों द्वारा 108 दीपकों की महाआरती संगीतमय रखने पर निर्णय लिया। इस अवसर पर राजू व्यास, मोनू शर्मा, कपिल शर्मा, विशाल उपाध्याय, ऋषि शर्मा, दीपक उपाध्याय, आशु उपाध्याय, पुष्पेंद्र मुदगल, कमलेश मुदगल, विष्णु शर्मा, पीयूष शर्मा, नरेंद्र शर्मा, विशाल शर्मा सहित अनेक युवा उपस्थित रहे।
भाजपा की बैठक में बूथ कार्यकारिणी पर चर्चा
वजीरपुर | भाजपा मंडल वजीरपुर की कार्यकारिणी की बैठक विधानसभा क्षेत्र विस्तारक राकेश चौमाल की अध्यक्षता में गांव कुसांय आयोजित हुई जिसमें बूथ कार्यकारिणी एवं शक्ति केंद्र का गठन करने पर विशेष रुप से चर्चा की गई। इस अवसर पर वजीरपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष दामोदर शर्मा ने कार्यकारिणी के लोगों को नवीन योजनाओं की जानकारी दी। शिव सिंह, राजेंद्र जाट, मान सिंह जाट, धारा सिंह ,श्रीनाथ राजावत, घनश्याम पाराशर ,दामोदर बैसला, अखिलेश शर्मा ने भी अपने विचारों से अवगत कराया।
सीएलजी बैठक में अंबेडकर जयंती पर माला पहनाने पर हुए राजी
वजीरपुर | पुलिस उपाधीक्षक नरेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में पुलिस थाने में शुक्रवार शाम अंबेडकर जयंती के संबंध में सीएलजी बैठक आयोजित हुई जिसमें लोग अंबेडकर की मूर्ति पर माला पहनाने व रैली नहीं निकालने पर राजी हुए। इससे पहले रैली निकालने पर लोग अड़े, लेकिन आपसी व प्रशासन की समझाइश से मान गए। सोहनलाल, किरोड़ी लाल, असरार अहमद, राकेश आकोदिया, आर के मीणा, अमजद खां ने अपने विचारों व कस्बे की कई समस्याओं से अवगत कराया। इस मौके पर तहसीलदार सहित समिति के कई सदस्य मौजूद थे।
राउमावि में डॉ. अंबेडकर की मनाई जयंती
गंगापुर सिटी | राउमावि में शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। इस दौरान प्रधानाचार्य सहित विद्यालय के अध्यापकों ने बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया व माल्यार्पण किया। प्रधानाचार्य गिर्राजप्रसाद गुप्ता ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बाबा साहेब उच्च कोटि के विद्वान थे। उन्होंने दलित पिछड़े व गरीबों के लिए संविधान में व्यवस्था की। रामानुज व्याख्याता ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय संविधान में मूल अधिकारों के साथ-साथ मूल कर्तव्यों को भी विशेष स्थान दिया। व्याख्याता वासुदेव शर्मा ने भी बाबा साहेब की जीवली पर प्रकाश डाला। मंच संचालक महीलाल ने कहा कि हमें बाबा साहेब के मूल मंत्र शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो को अपने जीवन में अपनाना होगा। इस अवसर पर सैकड़ों विद्यार्थियों व अध्यापक मौजूद थे।
रेलवे मजदूर संघ की लोको शाखा ने कर्मचारियों की सुनी समस्याएं
गंगापुर सिटी | वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे मजदूर संघ की लोको शाखा के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को रेलवे लॉबी में रेलकर्मचारियों की समस्याएं सुनी। साथ ही कई समस्याओं का निराकरण कराया गया। रेलकर्मियों ने संघ के पदाधिकारियों को बताया कि रेलवे बोर्ड ने रेलकर्मियों को अलाउंसेज देने के आदेश जारी होने के बावजूद उन्हें माइलेज रेट का अभी निर्धारित नहीं किया है जो रनिंग कर्मचारियों के साथ अन्याय जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई रेलकर्मियों ने समस्याएं बताई कि नाइट ड्यूटी अलाउंस बढ़ चुका है लेकिन अभी तक अभी तक रेलवे बोर्ड के आदेशों की पालना नहीं हो रही है। इसी प्रकार रेलवे लॉबी में कई अनियमितता है। बिना सेक्शन टीसीसी के पदों पर लोको पायलटों से काम किया जा रहा है।