साधारण तरीके से मनाएंगे अंबेडकर जयंती, नहीं निकालेंगे रैली व जुलूस
नगर संवाददाता | गंगापुर सिटी
14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में शुक्रवार को कलेक्टर-एसपी ने एसटी-एससी व प्रमुख लोगों की पंचायत समिति सभागार में बैठक ली।
बैठक में कलेक्टर के.सी. वर्मा और एसपी मामन सिंह सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान हुए उपद्रव, आगजनी व तोडफ़ोड़ की घटना से अवगत कराते हुए कहा कि बाबा साहब न केवल दलित समाज के मसीहा थे बल्कि उन्होंने सभी को आपसी प्रेम-भाईचारे का संदेश दिया था। बैठक में मौजूद सभी लोगों ने अपने अपने विचार रखते हुए कहा कि यदि इस मौके पर रैली निकाली जाती है और इसमें कोई आपराधिक तत्व या उपद्रवी घुस गए तो आखिर में बदनाम तो उन्हें होना पड़ेगा, ऐसे में बाबा साहब की जयंती सादा तरीके से मनाई जाएगी।
रामस्वरूप टटवाल, चौखेलाल वर्मा ने कहा कि बाबा साहब की जयंती पर रैली का आयोजन नहीं किया जाएगा, क्योंकि पहले ही दलित समाज के लोगों में भय है। इस पर एसपी ने कहा कि भारत बंद के दौरान सभी ने देखा कि शहर में क्या और कैसे हुआ। इस दौरान पंखीलाल मीणा ने पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए निर्दोषों को छोड़ने की मांग की जिस पर प्रशासन से स्पष्ट किया पुलिस ने केवल उन्हीं लोगों को गिरफ्तार किया जिन्होंने उपद्रव किया था और इसकी प्रशासन के पास बाकायदा वीडियो है। प्रशासन द्वारा किसी भी निर्दोष को गिरफ्तार नहीं किया गया है। बैठक में एएसपी योगेन्द्र फौजदार, एसडीएम बाबूलाल जाट, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र शर्मा, तहसीलदार बनवारीलाल शर्मा, थानाधिकारी दीपक ओझा सहित कई लोग और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
गंगापुर सिटी . डॉ. अंबेडकर जयंती पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा के संबंध में बैठक में मौजूद पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि व समाज के लोग।