पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • छात्र नेता पर जानलेवा हमला, गाड़ी क्षतिग्रस्त

छात्र नेता पर जानलेवा हमला, गाड़ी क्षतिग्रस्त

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता | गंगापुर सिटी

छात्र नेता अनंत बड़ीला पर गुरुवार को जान लेवा हमला किया गया जिसमें उसके मामूली चोंटें आई हैं। हमले में छात्र नेता की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इस संबंध में सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। छात्र नेता अनंत बड़ीला के नेतृत्व में कुछ लोगों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर हमले के आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

छात्र नेता अनंत बड़ीला ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 12 अप्रैल को रात 8:30 बजे वह अपने मित्र फुलवाड़ा निवासी राकेश मीणा के साथ कार से राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की बैठक में भाग लेकर गंगापुर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके पास राजेश उर्फ भूत खंडीप ने फोन करते हुए जान से मारने की धमकी दी लेकिन इसे उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया। बाद में हिंगोटिया रोड पर चंबल डेम से पहले से घात लगाकर बैठे राकेश छाण, राजेश उर्फ भूत खंडीप, मुनि छोटी उदेई, अजयराज पीलौदा, लोकेश छाण, विश्राम खंडीप सहित करीब 15-20 जनों ने उनकी गाड़ी पर फायर किए साथ ही तलवार, गंडासी और डंडों से वार कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।

हमला होते देख छात्र नेता बड़ीला और उसका मित्र राकेश मीणा अपनी जान बचाकर भागे, लेकिन आरोपितों ने उनके पीछे से भी फायर किए। जैसे तैसे जान बचाकर पुलिस को हमले की सूचना दी। इस दौरान आरोपी गाड़ी से मोबाइल और 16 हजार रुपए निकाल ले गए।

गंगापुर सिटी . छात्र नेता व उसके साथी पर जानलेवा हमला करने से क्षतिग्रस्त कार की जांच करते फोरेंसिक लैब की टीम के सदस्य।

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसपी से गुहार
हमले के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को इस संबंध में कुछ लोगों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर छात्र नेता अनंत बड़ीला और उसके साथी राकेश मीणा पर किए जानलेवा हमले के आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की। ज्ञापन देने आए आशीष, धनराज, हरकेश, सोनू, हंसराज, राकेश फुलवाड़ा, बहादुर, लोकेश, सीताराम, प्रताप, वीरेंद्र मीणा आदि ने पूर्व विधायक रामकेश मीणा पर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व विधायक मीणा ने आपराधिक गुंडों का संगठन बना रखा है जो प्रार्थी को कभी भी जान से मार सकते हैं। पहले भी पूर्व विधायक मीणा ने उन्हें मारने के लिए गुंडों को सुपारी दे रखी है। कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार पूर्व विधायक ही होंगे। उन्होंने सुरक्षा मुहैया कराने के साथ साथ हमला करने के आरोपितों को गिरफ्तार कर कार्रवाई करने की मांग की है।

घटना से मेरा कोई संबंध नहीं
इस घटना का मुझसे दूर दूर तक कोई संबंध नहीं है। अनंत बड़ीला स्वयं आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है जिसकी कई गिरोहों से आपसी रंजिश चल रही है। समाज के निर्दोष लोगों के गलत नाम लिखने के कारण समाज के लोगों में रोष है। मैं आपराधिक घटनाओं में विश्वास नहीं रखता हूं। जिन लोगों ने यह आपराधिक कृत्य किया उन्हें पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त सजा दी जानी चाहिए। रामकेश मीणा, पूर्व विधायक, गंगापुर सिटी

खबरें और भी हैं...