पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • हर साल 16 अप्रैल को मनाया जाएगा पुलिस दिवस

हर साल 16 अप्रैल को मनाया जाएगा पुलिस दिवस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गंगापुर सिटी| राज्य में अब हर साल 16 अप्रैल को पुलिस दिवस मनाया जाएगा। राज्य, रेंज और जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर कार्मिकों को सम्मानित किया जाएगा। पुलिस महकमे ने इस साल से नई शुरूआत की है।

हर साल 16 अप्रैल को समारोहपूर्वक पुलिस दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। राज्य स्तरीय समारोह जयपुर में, रेंज स्तरीय समारोह जिला मुख्यालयों पर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा हर जिले में यूनिट और प्रशिक्षण संस्थान स्तर पर समारोह होगा। राज्य स्तरीय आयोजन में पुलिस कार्मिकों को सर्वोत्तम सेवा चिन्ह से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ प्रथम तीन पुलिस थानों को तथा सर्वश्रेष्ठ जिले को भी सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर एसपी, कमांडेंट की ओर से खेलकूद, पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले पुलिसकर्मियों के बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। पुलिस दिवस पर रेंज मुख्यालय पर परेड होगी जिसकी सलामी आईजी लेंगे। आईजी रोटेशन के आधार पर हर साल अलग अलग जिलों में आयोजित परेड की सलामी लेंगे। पुलिस कार्मिकों को आईजी की ओर से अति उत्तम और एसपी की उत्तम सेवा चिन्ह से सम्मानित करेंगे।

आमजन का भी होगा सम्मान

पुलिस दिवस समारोह में आईजी ऐसे आम लोगों का भी सम्मान करेंगे, जिन्होंने साहसिक कार्य करते हुए लोगों की जान बचाई हो, या जान बचाने में सहयोग किया हो या किसी घटना-दुर्घटना में कानून का सहयोग किया हो।

पुलिस प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जिसमें जिले के इतिहास, पुलिस के अच्छे काम और महत्वपूर्ण केस जिसमें सजाई दिलाई गई को, उसका प्रदर्शन किया जाएगा। यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, दुर्घटना एवं मृतकों के आंकड़े व अन्य सूचनाओं का समावेश भी होगा।

इसलिए लिया निर्णय

राजस्थान राज्य के गठन के पश्चात तत्कालीन महामहिम राज्य प्रमुख द्वारा राजस्थान पुलिस के एकीकरण के लिए 16 अप्रैल, 1949 को राजस्थान पुलिस (एकीकरण) अध्यादेश 1949 के जरिए राजस्थान पुलिस का एकीकरण किया गया था। इस कारण राजस्थान पुलिस के लिए 16 अप्रैल महत्वपूर्ण दिन है। राजस्थान पुलिस ने नई शुरूआत कर इस दिन को पुलिस दिवस के रूप में धूमधाम व समारोहपूर्वक राज्य, रेंज, जिला और यूनिट स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है।

आगे कार्रवाई की जाएगी

गंगापुर सिटी पुलिस उपाधीक्षक, नरेंद्र शर्मा का कहना है कि अधिकारियों के इस विषय के बारे में जानकारी मिली है। अभी तक कोई आधिकारिक आदेश इस संबंध में प्राप्त नहीं हुए हैं। आदेश मिलने पर इनके अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...