अनाज मंडी में पल्लेदारों और व्यापारियों का विवाद बरकरार
गंगापुर सिटी . हड़ताल के कारण मंडी में पसरा सन्नाटा और खुले में पड़ा माल।
एसडीएम की मौजूदगी में वार्ता, पर नहीं बनी बात
गंगापुर सिटी | काफी देर तक प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों ही पक्षों को काफी समझाया लेकिन बात नहीं बनी और वार्ता बेनतीजा रही। आखिर में पल्लेदार यूनियन पदाधिकारियों ने पहले यूनियन की बैठक कर कोई निर्णय लेकर प्रशासन को अवगत कराने की बात कही लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों ही पक्षों को एक बार फिर बैठकर वार्ता कर समस्या का हल निकालने के लिए कहा। वार्ता के दौरान व्यापारियों की ओर से कमलेश गुप्ता, केदार पीतलिया, गोविंद गुप्ता, चंद्रप्रकाश, बाबूलाल, सतीश, सुदर्शन जबकि पल्लेदारों की ओर से बशीर, भरतलाल, कल्ला, बाबूलाल सहित कई व्यापारी पल्लेदार मौजूद थे।
तीन दिन से मंडी में सन्नाटा, नहीं ला रहे किसान माल
मंडी में पल्लेदार और व्यापारियों के बीच चल रहा विवाद तीसरे दिन मंगलवार को भी जारी रहने से मंडी में कोई कारोबार नहीं हुआ। कारोबार नहीं होने से मंडी में पूरी तरह से दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। किसान अपनी उपज मंडी में बेचने के लिए लाते लेकिन मंडी में विवाद की सूचना लगने से पिछले 2-3 दिनों से कोई किसान माल लेकर नहीं पहुंचा। लेकिन जो किसान विवाद से पहले ही माल लेकर पहुंचे और उनके माल की बिक्री, तुलाई नहीं हुई वे अब तक माल बिकने की उम्मीद लगाए है। वहीं मंडी में कारोबार नहीं होने से पल्लेदार और व्यापारी खाली समय में ताश खेलकर समय बिताते दिखाई दिए।
किसान-व्यापारियों का खुले में पड़ा माल बारिश में भीगा
मंडी में पिछले 3 दिनों से कोई काम नहीं हो रहा, जबकि मंडी में वर्तमान में किसान और व्यापारियों का करोड़ों का माल खुले में पड़ा रह गया। मंगलवार शाम आई बारिश के चलते खुले में पड़ा करोड़ों का माल भीग गया। हालांकि किसान और व्यापारी लगातार खराब मौसम के कारण खुले में पड़े माल के नुकसान होने से लगातार चिंतित थे और उन्होंने अपने माल को बचाने के लिए प्रयास किए लेकिन इसके बावजूद मंगलवार शाम को हुई बारिश से कई किसान-व्यापारियों का खुले में पड़ा माल बारिश के कारण भीग गया।