दिन में ग्रामीणों का जमघट, शाम को शहरियों का
गंगापुर सिटी. कल्याणजी मेले में मंगलवार को लोगों ने मनोरंजन के साधनों के साथ खूब की खरीदारी। कल्याणजी मेले का विहंगम दृश्य ।
कल्याणजी मेला : लोगों की भीड़ और उत्साह को देखते हुए मेले को दो दिन और बढ़ाया, अब 17 को मेले का होगा समापन
नगर संवाददाता| गंगापुर सिटी
कल्याणजी मेला पूरे परवान पर है और मेला देखने के लिए हजारों लोग परिवार के साथ मेले में पहुंच रहे है। मंगलवार को मेले में आए लोग मनोरंजन के साधनों के साथ साथ खाने-पीने की चीजों का आनंद लिया साथ ही महिलाओं ने घर-गृहस्थी और सौंदर्य प्रसाधनों वहीं बच्चों ने खिलौने आदि की खरीद की। कल्याणजी मेले में दिन में लोगों की भीड़ कम रही लेकिन शाम 4 बजे के बाद मेले में सैंकड़ों लोगों के परिवार सहित मेला देखने के लिए पहुंचने से मेले में रौनक आ गई। मेला संरक्षक हरगोविंद कटारिया, ओमी कटारिया, प्रवक्ता वीरू पुजारी और मेले की व्यवस्थाओं से जुड़े रामकिशोर कटारिया ने बताया कि मेले में मंगलवार को दिन में जहां ग्रामीण क्षेत्र वहीं दिन ढ़लने पर शहर के बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मेला देखने पहुंचे।
महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी
मेले में आए महिला-पुरुष, बच्चों और बुजुर्गों ने मेले में लगे मनोरंजन के साधनों ब्रेक डांस झूला, छोटे बड़े झूले, छोटी-बड़ी नाव, मौत का कुंआ, क्रॉस झूला, इंडियन सर्कस, काला जादू का आनंद लिया। इसके अलावा अधिकांश लोग घर-गृहस्थी में काम आने वाली चीजों मिट्टी के बर्तन, कढाई, बर्तन आदि जबकि छोटे बच्चों ने खिलौने आदि की खरीद की। खरीदारी के मामले में महिलाएं भी पीछे नहीं रही और उन्होंने सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी की। साथ ही खाने-पीने की चीजों चाट-पकौड़ी भल्ले, पतासे, ज्यूस, कोल्डड्रिंक, आइसक्रीम आदि का भी आनंद लिया।
मेले को दो दिन और बढ़ाया
कल्याणजी मेले में लोगों की भीड़ और उत्साह को देखते हुए मेले को दो दिन ओर बढ़ा दिया। हालांकि पूर्व में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 मई को मेले का समापन होना था लेकिन मेला समापन अब 17 को होगा। मेले से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि मेले में लोगों के उत्साह और जोश को देखते हुए मेले को दो ओर बढ़ाया गया है।
गंगापुर सिटी. कल्याणजी मेले उमड़ी भीड़ (दाएं) कल्याणजी के मेले में मौत के कुंए में करतब दिखाती कार।