भजनों पर नाचते-गाते पदयात्री शनिदेव के दर्शनों के लिए रवाना
नगर संवाददाता| गंगापुर सिटी
लक्ष्मी देवी सेवा संस्थान के तत्वावधान में सवाई माधोपुर रोड स्थित शनिदेव भगवान की दूसरी पदयात्रा मंगलवार को पुरानी अनाज मंडी स्थित सीतारामजी मंदिर से बैंडबाजों के साथ रवाना हुई।
दोपहर करीब 2 बजे लक्ष्मी देवी सेवा संस्थान से जुड़े पदाधिकारी-सदस्यों के अलावा सैंकड़ों पदयात्री पुरानी अनाज मंडी स्थित सीतारामजी मंदिर पर एकत्रित हुए। यहां विधिवत पूजा अर्चना और आरती की गई। इसके बाद शनि भगवान की प्रतिमा रथ में विराजित करने के साथ पदयात्रा रवाना हुई। पदयात्रा में शामिल शनि भक्त भगवान के जयकारे लगाते हुए और बैंडबाजों व डीजे के साथ साथ भजनों नाचते गाते हुए चल रहे थे। पदयात्रा पुरानी अनाज मंडी सीतारामजी मंदिर की परिक्रमा करते हुए शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए ट्रक यूनियन, ईदगाह से सवाई माधोपुर शनिदेव मंदिर के लिए रवाना हो गई। पदयात्रा का मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर और पदयात्रियों को अल्पाहार और जलपान कराकर स्वागत किया गया।
पदयात्रा के शनि देव मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पहले भगवान शनिदेव के दर्शन किए और इसके बाद विधिवत पूजा अर्चना और आरती कर परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली की मनौती मांगी। इस मौके पर भगवान के आकर्षक झांकी सजाई गई। साथ ही भंडारा हुआ जिसमें सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।