गंगापुर सिटी | राजस्थान पल्लेदार मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने कृषि उपज मंडी समिति सचिव को ज्ञापन देकर मंडी में किसान-पल्लेदारों के लिए छाया-पानी के समुचित प्रबंध किए जाने की मांग की है। यूनियन के भरतलाल, पूर्व अध्यक्ष श्यामलाल गुर्जर, गणपत लाल आदि ने बताया कि इन दिनों क्रय विक्रय सहकारी समिति की ओर से उदेई मोड़ स्थित थोक फल-सब्जी मंडी में सरकारी स्तर पर सरसों की खरीद की जा रही है लेकिन केन्द्र पर किसान-पल्लेदारों के लिए छाया-पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा नई अनाज मंडी में भी लाखों रुपए की लागत से किसान-पल्लेदारों की सुविधा के लिए लगाए गए वाटर कूलर पिछले काफी समय से खराब है और इन वाटर कूलरों का उन्हें लाभ नहीं मिल पा रहा है। मंडी में छाया-पानी के प्रबंध भी सही नहीं है।