पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 32 घंटे बाद भी आधे शहर में बिजली नहीं, उद्योग धंधे प्रभावित, फाल्ट की मरम्मत में जुटे कर्मचारी

32 घंटे बाद भी आधे शहर में बिजली नहीं, उद्योग-धंधे प्रभावित, फाल्ट की मरम्मत में जुटे कर्मचारी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता | गंगापुर सिटी

32 घंटे बाद भी आधे शहर की बिजली बहाल नहीं हो सकी। सोमवार सुबह 11 बजे की गई गंगापुर शहर की बिजली आपूर्ति दूसरे दिन देर शाम तक सुचारू नहीं हो पाई। निगम कर्मचारी दिनभर फाल्ट ढूढ़ते रहे, जहां केबिल जली मिली, जोड़ दिया। हालांकि निगम ने किसी तरह व्यवस्था कर सालौदा फीडर सहित अन्य फीडरों से शहर के कई हिस्सों की बिजली व्यवस्था कुछ हद तक बहाल कर दी।

बिजली गुल होने की वजह से आधा शहर परेशान दिखा। बिजली नहीं आने से शहर में लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई वहीं व्यापार और उद्योग धंधे भी बुरी तरह प्रभावित रहे। हालांकि सोमवार दोपहर बिजली गुल होने से लेकर मंगलवार शाम तक निगम के अधिकारी व कर्मचारी बिजली बहाल करने की व्यवस्था में जुटे रहे। फाल्ट भी मिला लेकिन मंगलवार शाम तक फाल्ट की पूरी तरह मरम्मत नहीं हो पाई थी। सोमवार रात बिजली गुल रहने से शहरवासियों को करवटें बदलते हुए रात बितानी पड़ी। पहले ही गर्मी के कारण लोगों का हाल-बेहाल था। बिजली ने भी कोढ़ में खाज का काम किया और लोगों ने बिना कूलर-पंखे के छतों पर रात बिताई लेकिन वहां भी रातभर मच्छरों के कारण लोग चैन से सो नहीं पाए और लोगों को करवटें बदलते हुए रात बितानी पड़ी। इस दौरान पूरी रात शहर के लोग निगम अधिकारी-कर्मचारियों को कोसते रहे। लोगों का कहना था कि पिछले 2 माह से निगम अधिकारी मेंटीनेंस के नाम पर बिजली कटौती कर रहे है लेकिन निगम के द्वारा की गई मेंटीनेंस की पोल खुल गई।

आखातीज पर दुकानदारी ठप

बिजली के अभाव में शहरभर में आभूषण-ज्वैलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडिमेड, कपड़ा, किराना, हौजरी सहित अन्य चीजों की दुकानदारी पूरी तरह ठप हो गई। दुकानदारों का कहना है कि बुधवार को अक्षय तृतीय पर्व है और पर्व पर जबरदस्त सावा है, और जब दुकानदारों के ग्राहकी का समय आया तो बिजली बैरन बन गई। बिजली नहीं आने के कारण दुकानदारों का व्यवसाय चौपट हो रहा है। बिजली गुल रहने के कारण शहर में सभी लघु कुटीर उद्योग धंधे ठप हो गए।

गंगापुर सिटी. फाल्ट को दुरुस्त करते कर्मचारी।

भारत मिल में दो जगह मिले फॉल्ट, केबिल जली मिली

सोमवार को पूरी रात निगमकर्मी फाल्ट ढूंढ़ते रहे लेकिन उन्हें फाल्ट नहीं मिला। आखिर कोटा से फॉल्ट लोकेटिंग मशीन के गंगापुर पहुंचने और मशीन द्वारा फाल्ट को ढूंढ़ा गया। मशीन ने भारत मिल में दो अलग अलग जगहों पर फॉल्ट निकाले। इसके बाद निगमकर्मियों ने फाल्ट के स्थान पर खुदाई की, खुदाई के बाद दोनों जगह केबल पूरी तरह जली हुई मिली। निगमकर्मियों ने दोनों जगहों पर फाल्ट को सही करने का काम तेजी से शुरू किया।

दो दिन से फाल्ट ठीक करने में जुटे

कोटा से फॉल्ट लोकेटिंग मशीन के गंगापुर पहुंचने और फॉल्ट मिलने के बाद निगम के अधिकारी-कर्मचारी मरम्मत में जुट गए। सोमवार और मंगलवार दिनभर निगम के कर्मचारी मरम्मत में जुटे रहे। इनमें एक्सईएन एके बुजेठिया, एईएन कुलदीप जोशी, कनिष्ठ अभियंता भूपेश शर्मा सहित अन्य की निगरानी में दर्जनों निगमकर्मी मरम्मत में जुटे दिखाई दिए।

फाल्ट मिल गया और दिनभर से कर्मचारी इसकी मरम्मत में जुटे हैं। दूसरे फीडरों से व्यवस्था कर शहर के कई हिस्सों की बिजली आपूर्ति बहाल की गई है, शेष हिस्सों की भी रात तक बिजली सप्लाई दुरुस्त होने की उम्मीद है। एके बुजेठिया, अधिशासी अभियंता, बिजली निगम, गंगापुर सिटी

खबरें और भी हैं...