पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • दान देकर स्कूल पर नाम लिखाओ, सम्मान भी पाओ

दान देकर स्कूल पर नाम लिखाओ, सम्मान भी पाओ

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | गंगापुर सिटी

शिक्षा विभाग ने राजकीय स्कूलों में भामाशाहों के सहयोग से सुविधा और संसाधनों को विकसित करने के लिए नई प्लानिंग शुरू की है।

इसके तहत सरकारी स्कूलों के विकास में सहयोग करने वाले भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही वे निर्धारित आर्थिक सहयोग करके अपने परिजनों का नाम भी स्कूल पर लिखा सकेंगे। इस बारे में विभाग से आदेश मिलने के बाद जिले के शिक्षा अधिकारी योजना की सफलता के लिए सक्रिय हो गए हैं।

कक्षा-कक्ष का निर्माण व स्कूलों भवन पर नाम लिखवाने के लिए मापदण्डों के आधार पर दान देना होगा। पांच से 25 हजार रुपए का दान देने पर शिक्षा मित्र तथा एक करोड़ रुपए का दान करने पर भामाशाह को शिक्षा विभूषण से नवाजा जाएगा। इस नई योजना पर अमल के लिए स्कूलों के संस्था प्रधानों को भामाशाहों से सम्पर्क करने को कहा गया है।

भामाशाह योजना के तहत स्कूलों में दान देने वाले जिले के प्रमुख दानदाता, आद्योगिक संस्थान व समाज सेवकों की सूची जिला स्तर पर बनने लगी है। ब्लॉक स्तर से नामों का संकलन किया जा रहा है। सूची पूरी होने के बाद दानदाताओं से शिक्षा विभाग के अधिकारी सम्पर्क कर दान के लिए प्रेरित करेंगे।

ये कार्य हो सकेंगे

भामाशाह योजना के तहत सरकारी स्कूलों में कक्षा-कक्षों का निर्माण, फर्नीचर, खेलकूद, मैदान, आईसीटी कम्प्यूटर लैब विशेष तौर पर उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री विद्यादान कोष में योगदान पर वित्तीय छूट मिलेगी। जिले के स्कूलों में कम्प्यूटर लैब, बिजली-पानी जैसी सुविधाओं का अभाव है। इस कारण शिक्षण कार्य बाधित रहता है। स्कूलों में लोगों का जुड़ाव रखने के लिए सरकार ने भामाशाह योजना की शुरूआत की है।

डीईओ रिपोर्ट सरकार को भेजेंगे

स्कूल के कक्षा-कक्ष व भवन पर नाम लिखने के मापदण्ड निर्धारित किए गए हैं। कोई दानदाता मापदण्ड पूरा करता है तो उस पर विस्तृत रिपोर्ट स्कूल के माध्यम से जिला शिक्षा अधिकारी तैयार करेंगे। डीईओ इस रिपोर्ट को सरकार के पास भेजेंगे, जिसमें दानदाता का नाम, उसके द्वारा कराए जाने वाले कार्यों का उल्लेख करना होगा। स्कूल के नाम से पहले भामाशाह का नाम लिखा जाएगा लेकिन राजकीय शब्द किसी भी सूरत में नहीं हटाया जाएगा।

किया जा रहा है संपर्क

भामाशाह योजना की सफलता के बारे में दानदाताओं से सम्पर्क किया जा रहा है। स्कूलों में सुविधा दानदाताओं के माध्यम से भी जुटाई जाएगी। -अशोक शर्मा, एडीईओ माध्यमिक शिक्षा अभियान, सवाई माधोपुर।

खबरें और भी हैं...