गंगापुर सिटी | 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान हुई हिंसा, आगजनी और उपद्रव के मामले की जांच कर रहे सीआईडी क्राइम ब्रांच (सीबी) के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह राठौड़ गुरुवार को एक बार फिर गंगापुर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए। एएसपी राठौड़ गुरुवार सुबह गंगापुर पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने एसडीएम बाबूलाल जाट से घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की और उनके बयान दर्ज किए। एसडीएम के साथ ही उनके ड्राइवर व अन्य कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए गए। एएसपी ने बताया कि इस दौरान एसडीएम कार्यालय का रिकार्ड भी देखा गया और खासतौर पर इस बारे में जानकारी ली गई कि जो रैली निकाली गई थी उसकी अनुमति किसने ली थी। रैली कब शुरू हुई और कब खत्म हुई, कब ज्ञापन दिया गया इस बारे में पूरी जानकारी हासिल की गई।