गंगापुर सिटी। समीपवर्ती उदेई कलां के ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर नाजिम वाले बांध पर पाल निर्माण में फर्जीवाड़ा किए जाने की शिकायत की है। ग्रामीण वार्ड पंच अमजद खान, शोएब मैंबर, असकार, मो. असजद, मोहनलाल, अनवार, मुकेश आदि ने बताया कि नाजिम वाले बांध पर सरकार द्वारा एमजेएसए तृतीय चरण स्कीम के तहत 12 लाख रुपए स्वीकृत किए और इसमें कार्यकारी एजेंसी अधिशासी अभियंता जल संसाधन विभाग सवाई माधोपुर को बनाया है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार संवेदक द्वारा पाल पर ट्रैक्टर से चाठी लगाकर, पानी डालते हुए कुटाई कर रोलर चलाकर पाल को तैयार करना था लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। वेस्टवेयर के निर्माण करने के बजाय उसी को सही कर दिया। संवेदक द्वारा कार्य में मापदंडों और गुणवत्ता का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है। इतना ही नहीं शिकायत के बावजूद विभाग भी कोई ध्यान नहीं दे रहा जिससे ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने बताया कि उक्त बांध का पानी सिंचाई के रूप में काम आता है साथ ही जलस्तर बढ़ाने में यह सहयोगी है, ऐसे में यदि मापदंडों व गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया तो बारिश में जल्द टूट जाएगा।