गंगापुर सिटी | अब तक गरीब व युवा रथ ट्रेन में बांद्रा व निजामुद्दीन जाने वाले यात्रियों को पैंट्रीकार की समस्या से जूझना होता था। यह समस्या रेलवे जून माह से समाप्त करने जा रहा है। जुलाई से बांद्रा निजामुद्दीन गरीब रथ व बांद्रा निजामुद्दीन युवा ट्रेन में पैंट्रीकार लगाने जा रहा है। रेलवे जुलाई से नई डिजाइन की पैंट्रीकार लाने जा रहा है। नई श्रेणी की पैंट्रीकार खुली हुई रहेगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार राजधानी, दूरंतो ट्रेन के मैन्यू में भी बदलाव करने जा रहा है। जुलाई से हवाई जहाज की तरह रेडी टू ईट सेवा शुरू होगी। गरीब रथ ट्रेन में सुविधा घर को हटाकर मिनी पैंट्रीकार लगाने का प्रस्ताव है। मंडल से निकलने वाली सभी महत्वपूर्ण ट्रेन की पैंट्रीकार में आईआरसीटीसी के निरीक्षक कार्य करेंगे।
इनको अधिकार होगा कि भोजन खराब होने पर चलती ट्रेन में ही ठेकेदार पर आर्थिक दंड लगा सकें। इसके अलावा रेलवे भोजन की गुणवत्ता को सुधारने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट भी कराने जा रही है। इतना ही नहीं इस समय अलग-अलग ट्रेन में पैंट्रीकार में कार्य करने वाले कर्मचारियों की यूनिफॉर्म अलग-अलग है, जुलाई माह से देशभर में एक जैसी यूनिफॉर्म में ये कर्मचारी नजर आएंगे। इसके अलावा प्रत्येक कर्मचारी की यूनिफॉर्म पर नाम भी लिखा होगा।
रेलवे ने डेढ़ माह के लिए बढ़ाई समय सारिणी : प्रतिवर्ष एक जुलाई से बदलने वाली रेलवे की समय-सारणी इस बार डेढ़ माह बाद बदलेगी। इसके लिए आदेश जारी हो गए है। वर्ष 2018-19 के लिए समय-सारणी को 15 अगस्त से बदलाव किया जाएगा। इसके पीछे की वजह रेलवे जुलाई माह में कुछ नई ट्रेनों के चलाने को बता रहा है। वर्तमान में जारी समय सारणी 14 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक जारी रहेगी। इसको 30 जून के आगे 14 अगस्त तक बढ़ाया गया है। असल में रेलवे पिछले दो वर्ष से ट्रेनों में गति बढ़ाने पर लगातार कार्य कर रहा है। इसके चलते प्रतिवर्ष समय सारणी बदलने का महत्व बढ़ गया है। ऐसे में इस वर्ष जब समय सारणी बदलेगी तब अनेक यात्री ट्रेनों के समय में बड़ा बदलाव होगा।