पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बीए पार्ट प्रथम अनिवार्य पर्यावरण अध्ययन प्रश्न पत्र की परीक्षा कल

बीए पार्ट प्रथम अनिवार्य पर्यावरण अध्ययन प्रश्न पत्र की परीक्षा कल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गंगापुर सिटी| बीए पार्ट प्रथम अनिवार्य पर्यावरण अध्ययन प्रश्न पत्र के लिए भगवती बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय उदेई मोड़ को अतिरिक्त परीक्षा केन्द्र बनाया है। राजकीय महाविद्यालय प्राचार्य ने बताया कि कोटा विश्वविद्यालय कोटा द्वारा 21 मई को दोपहर की पारी 11 से दोपहर एक बजे तक आयोजित बीए पार्ट प्रथम अनिवार्य पर्यावरण अध्ययन प्रश्न पत्र की परीक्षा अतिरिक्त परीक्षा केन्द्र भगवती बालिका उमावि पर 21 मई को संपन्न होगी। इस परीक्षा केन्द्र पर रोल नं. 223720 से 224221 एवं 299276 से 302674 तक के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

एएनएम के रिक्त पद को भरा जाए

वजीरपुर| राजकीय स्वास्थ्य केन्द्र सेवा में एएनएम का पद रिक्त होने से मरीजों को असुविधा हो रही है। सामाजिक कार्यकर्ता महेन्द्र मीणा, सरपंच शालिनी देवी ने इस मामले में एसीएम मुनिदेव यादव को ज्ञापन सौंपकर चिकित्सालय में रक्त एएनएम के पद को भरने की मांग की है।

हनुमान मुक्त सरस्वती सभा सदस्य मनोनीत

गंगापुर सिटी| ब्लाॅक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी हनुमान मुक्त को राजस्थान साहित्य अकादमी की सरस्वती सभा में सदस्य मनोनीत किया गया है। बीईईओ मुक्त को सदस्य मनोनीत किए जाने का निर्णय गत 10 मई को राजस्थान साहित्य अकादमी की सरस्वती सभा की बैठक में लिया गया। राजस्थान साहित्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. इंदुशेखर तत्पुरूष ने बताया कि सरस्वती सभा अकादमी का सर्वोच्च सदन है, जो अकादमी के क्रियाकलापों का निर्धारण व नियंत्रण करती है।

वाल्मीकि धर्मसभा महाराष्ट्र के पुणे में आज

गंगापुर सिटी| अखिल भारतीय वाल्मिकी समाज की ओर से महाराष्ट्र के पुणे में वाल्मिकी धर्मसभा 20 मई को होगी जिसमें विभिन्न देशों से आए समाज के प्रतिनिधि भाग लेंगे। सचिव रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि गंगापुर से काफी संख्या में कार्यकर्ता वाल्मिकी धर्मसभा में भाग लेने महाराष्ट्र जाएंगे और धर्मसभा को वाल्मिकी समिति के राष्ट्रीय संयोजक ओमप्रकाश घेंघट संबोधित करेंगे।

सेवा में बिजली पानी का संकट

वजीरपुर| समीप के गांव सेवा में बिजली पानी का संकट गहराने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सामाजिक कार्यकर्ता महेन्द्र मीणा ने बताया कि बिजली की कटौती के कारण गर्मी के इस मौसम में लोगों का हाल-बेहाल है। लोग जब दूरभाष पर अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास करते तो अधिकारी फोन ही रिसीव नहीं करते जिससे उनमें रोष व्याप्त है।

प्रदेशाध्यक्ष डॉ. कुंजीलाल मीणा ने ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

गंगापुर सिटी| राजस्थान एससी, एसटी, अन्य पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. कुंजीलाल मीणा ने शनिवार को क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मीणा ने मैड़ी, खरेड़ा, शेखपुरा, निवाजीपुरा, भालपुर, मोहचा, रेंडायल, खेड़ला, हिंगोटिया, फिरासपुर, मोतीपुरा, अरनिया, बाढ़कला, ब्रह्मवाद, मानपुर, जियापुर, दौलतपुर गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी।

कर्नाटक में हुई लोकतंत्र की जीत

गंगापुर सिटी| सुप्रीम कोर्ट द्वारा बहुमत हासिल कराने के लिए 24 घंटे का समय दिए जाने के बाद कर्नाटक में भाजपा सरकार ढ़ाई दिन में गिर गई। भाजपा सरकार के इस्तीफा देने के बाद देवी स्टोर चौराहे स्थित कांग्रेस कार्यालय पर ब्लाक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने खुशी का इजहार किया। पूर्व संसदीय सचिव रामकेश मीणा ने कहा कि अब आने वाले राज्यों के चुनावों में आम जनता के सहयोग से पूर्ण बहुमत से कांग्रेस सरकार बनाएगी। 2019 में राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव जीतेगी। इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष हरगोविंद कटारिया, देहात अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कासिम अली, मदन पचौरी, रामहंस पटेल आदि मौजूद थे।

लापता युवक की तलाश

गंगापुर सिटी| मिर्जापुर भगवती कॉलेज के पास से लापता युवक की परिजनों को तलाश है। रामवीर जागा ने बताया कि उसका 24 वर्षीय पुत्र नरेन्द्र कुमार जागा एक अप्रैल से लापता है और परिजनों ने नरेन्द्र को काफी जगह तलाश किया लेकिन उसका कही कोई सुराग नहीं लगा। नरेन्द्र का कद 5.5 फीट, रंग सांवला एवं एकहरा बदन है। नरेन्द्र ने महरूम रंग की टी-शर्ट, काले रंग की पेंट, पैरों में हवाई चप्पल पहन रखी है साथ ही नरेन्द्र के ललाट पर बाई आंख के ऊपर चोट का निशान व हाथ पर रिंकू उर्फ नरेन्द्र व मोबाइल नंबर भी गुदा हुआ है।

सैनी विकास संस्थान जिला कार्यकारिणी के चुनाव 10 को

गंगापुर सिटी| सैनी विकास संस्थान की जिला कार्यकारिणी के चुनाव 10 जून को कराए जाएंगे। चुनाव को लेकर चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के तहत सैनी माली विकास संस्थान के जिलाध्यक्ष भागचंद सैनी के नेतृत्व में शनिवार को गंगापुर में सदस्य बनाए। जिलाध्यक्ष सैनी ने बताया कि जिलाध्यक्ष के आवेदन के लिए 51 हजार, उपाध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष तथा मंत्री के लिए 11 हजार रुपए की राशि निर्धारित की है।

खबरें और भी हैं...