गंगापुर सिटी| सार्वदेशिक आर्य वीर दल गंगापुर सिटी के तत्वाधान में अग्रसेन रिसोर्ट में 14 मई से चल रहे चल रहे संभागीय आदर्श जीवन निर्माण एवं व्यायाम प्रशिक्षण शिविर का 20 मई प्रात: 10 बजे समापन किया जाएगा। शिविर के छठे दिन शनिवार को प्रधान शिक्षक जीवन लाल आर्य, सहायक शिक्षक दिनेश आर्य, शुभम आर्य ने दंड बैठक, काते, लाठी, सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार एवं खेलों में लंगड़ी कबड्डी, राम राजा रावण, स्टेशन, संगठन में शक्ति है, दल का खेल आदि व्यायाम और खेलों का प्रशिक्षण दिया। बौद्धिक सत्र के अंतर्गत दिल्ली से आए आचार्य यशवीर ने शिविरार्थियों को अष्टांग योग यम, नियम, आसान, प्राणायाम, प्रत्याहार धारणा, ध्यान, समाधि के बारे में बताया एवं उपासना करने के तरीके का क्रियात्मक अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि ईश्वर एक है और ईश्वर ने यह संपूर्ण संसार मनुष्यों को सुख के लिए दिया है अत: मनुष्यों को उपासना के माध्यम से ईश्वर को धन्यवाद देना चाहिए। ईशोपासना का फल यह होता है कि मनुष्य का आत्म बल बढ़ता है।
नगर संचालक सीए अभिषेक बंसल ने बताया कि शिविर में गीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान योगेश जांगिड़, द्वितीय स्थान विश्वास अग्रवाल, तृतीय स्थान श्रेष्ठ आर्य ने प्राप्त किया। आर्य समाज के नियम प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हनी ने, द्वितीय श्रेष्ठ आर्य ने, चित्र कला में प्रथम स्थान लोकेश गोयल ने, द्वितीय स्थान आदित्य आर्य ने प्राप्त किया। वादविवाद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मोहित आर्य ने, द्वितीय स्थान यश आर्य ने प्राप्त किया।