गंगापुर सिटी | शहर में आवारा जानवर से शहरवासी परेशान हैं लेकिन नप इन आवारा जानवरों की रोकथाम नहीं कर पा रही है। इससे आए दिन लोगों जख्मी हो रहे हैं। शुक्रवार रात मूर्ति मोहल्ला में दो सांडों की लड़ाई में वरिष्ठ वैद्य और पतंजलि चिकित्सालय में चिकित्साधिकारी सूर्यनारायण शास्त्री घायल हो गए। लड़ाई में एक बाइक और एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। शास्त्री को जयपुर रोड स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
दंगे के आरोपित जेल से रिहा
गंगापुर सिटी | 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान शहर में हिंसा, आगजनी, पथराव, तोड़फोड़ और उपद्रव के 18 आरोपियों को जेल से रिहा कर दिया। उक्त सभी आरोपियों को हाईकोर्ट से जमानत मिली है। जमानत के आदेश गंगापुर जिला उपकारागृह पर शनिवार को प्राप्त हुए और इसके बाद सभी आरोपियों को रिहा कर दिया गया। राजस्थान आदिवासी मीणा महासभा संस्थान के जिलाध्यक्ष पूर्व सरपंच पृथ्वीराज मीणा ने इस मामले में कहा कि यदि सरकार ने मुकदमों को वापस नहीं लिया तो उन्हें आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा।
धूलभरी आंधी से दिनचर्या अस्त-व्यस्त
बामनवास | कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में शनिवार को शाम करीब 3 बजे एकाएक धूल भरी आंधी से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। तेज हवाओं के साथ मिट्टी के थपेड़ो नें खाने पीने की वस्तुओं से जेकर लोगों के घरो एवं दुकानों में मिट्टी की तह जम गई। कस्बे की सब्जी मंडी में पिछले दिनों बनाई गई सड़क के उपर तराई के लिए डाली गई मिट्टी के कारण आसपास की दुकानदारों को परेशानी हुई।
गंगापुर सिटी. अंधड़ के दौरान उठते धूल के गुबार।