अंधड़ से तार टूटे, रातभर बिजली गुल
नगर संवाददाता | गंगापुर सिटी
शहर में मंगलवार शाम आए अंधड़ और बारिश से कई जगह बिजली के तार टूट गए। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। तार टूटने के बाद रातभर बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
वार्ड 32 हरिजन मोहल्ले में अंधड़ के कारण रातभर बिजली के तारों में स्पार्किंग होती रही। इस संबंध में आसपास के लोगों ने कई बार बिजली निगम के दफ्तर और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिर में बुधवार सुबह करीब 10 बजे बिजली का तार टूट कर नीचे आ गिरा। तार टूटने के दौरान पास ही कई महिलाएं खड़ी थीं, लेकिन वे बाल-बाल बच गईं, जिस कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। तार टूटने के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस दौरान दो सूअर की करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं होने से लोगों में रोष हो गया और लोगों ने निगम के खिलाफ नारेबाजी भी की।
इसी तरह मंगलवार रात नहर रोड पर तार टूटने से नहर रोड के साथ साथ इस्लामपुरा के क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। काफी देर तक इंतजार करने और निगम अधिकारियों को सूचित करने के बावजूद लाइट नहीं आने से रातभर लोगों को अंधेरे में बितानी पड़ी साथ ही गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल हो गया।
गंगापुर सिटी . वार्ड 32 में अंधड़ से टूटे बिजली के तार की मरम्मत करते कार्मिक।