फुटपाथ बनने से होगी राह आसान
सद्भावना मंडप भवन का किया शिलान्यास
नगर संवाददाता| गंगापुर सिटी
शहर में नगर परिषद की ओर से फुटपाथ एवं परिषद परिसर में सद्भावना मंडप भवन का बुधवार को मुख्य अतिथि विधायक मानसिंह गुर्जर, विशिष्ट अतिथि पूर्व सभापति हरिप्रसाद बोहरा, उप सभापति दीपक सिंघल, मनोज बंसल, जमनालाल वैष्णव, आयुक्त जितेन्द्र शर्मा, सुनील शर्मा, अल्पसंख्यक अधिकारी बीएल बैरवा और अध्यक्षता कर रही नप सभापति संगीता बोहरा ने विधिवत पूजा अर्चना कर शिलान्यास किया।
विधायक मानसिंह गुर्जर ने शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अमृत योजना के तहत 2 करोड़ की लागत से फव्वारा चौक से सालौदा मोड़ तक सड़क के दोनों तरफ 1.5 मीटर चौड़ा फुटपाथ बनाया जाएगा साथ ही 1.5 करोड़ की लागत से परिषद परिसर में 3 मंजिला सद्भावना मंडप भवन का निर्माण किया जाएगा । इसमें बेसमेंट में सामान्य पार्किंग, ग्राउंड फ्लोर में वीआईपी पार्किंग, केंटीन, परिषद कार्यों के लिए स्टेशनरी की दुकान आदि जबकि प्रथम मंजिल पर जनरल मीटिंग हॉल तथा सभापति का कक्ष बनेगा। द्वितीय तल पर 70 सीटों युक्त सदभावना सभाभवन एसी, सीसीटीवी कैमरे, प्रोजेक्टर सहित सभी सुविधाओं से हाइटेक होगा। साथ ही प्रेस मीडिया तथा आम जनता के लिए बालकनी कक्ष का निर्माण भी किया जाएगा। तीन मंजिला सदभावना भवन का नाम पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति भवन होगा।
उन्होंने कहा कि 30 मई को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गंगापुर दौरे पर आएंगी और यह दौरा राजनीतिक नहीं होकर विकासशील दौरा साबित होगा। सभापति संगीता बोहरा ने सभी अतिथियों व जनप्रतिनिधियों व शहरवासियों का आभार जताते हुए कहा कि परिषद में इतना बड़ा कार्य विधायक की श्रेष्ठ सोच व मेहनत से होने जा रहा है।
मीडिया प्रभारी आरसी गुर्जर ने बताया कि कार्यक्रम में मिट्ठू सिंह गुर्जर, वीरू पुजारी, महेन्द्र दीक्षित, कौशल बोहरा, प्रवीण विजयवर्गीय, रामचरण कटारिया, ओमी कटारिया, गोपाल धमोनिया, व अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद थे जबकि मंच संचालन पंस सदस्य घनश्याम शर्मा ने किया।