कार्यालय संवाददाता | गंगापुर सिटी
यह किसी हॉरर और एक्शन फिल्म जैसी कहानी है। मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक उसका पीछा कर रहे ग्रामीणों से बचने के लिए मौत के बहुत करीब पहुंच गया। करीब चार घंटे तक चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद आखिरकार कहानी का सुखद अंत हुआ। 400 केवी की हाई टेंशन लाइन के पोल पर चढ़े युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से इस इलाके में लगातार चोरियां हो रही हैं। रविवार को टोकसी गांव में घूम रहे एक युवक की गतिविधियां ग्रामीणों को थोड़ी संदिग्ध लगी। युवक ने एक पेड़ से तोड़कर कच्चे आम खाने का प्रयास किया तो पेड़ के मालिक ने उसे देख लिया। मालिक को देखकर युवक भागा तो मालिक ने उसका पीछा किया और फिर गांव के कई लोग उसका पीछा करने लाठियां लेकर दौड़ पड़े। अचानक गांव भर में बात फैल गई कि चोर मिल गया है। चोर मिलने की बात सुनते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, युवक के पीछे दौड़ पड़े। भागता भागता युवक टोकसी और डोब के बीच जंगल में आ गया। पीछा कर रहे ग्रामीणों को पास आते देख युवक के सामने और कोई चारा नहीं बचा और वह सामने 400 केवी के बिजली के पोल पर चढ़ गया। पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है। पुलस ने युवक के परिजनों को सूचित किया है।
लगातार हो रही थी चोरियां, हुलिया देखकर समझा चोर
जान बचाने के लिए हाई पावर लाइन पर पर मौत के करीब पहुंचा युवक
छू जाए तो पलक झपकते ही राख हो जाए इंसान
कनिष्ठ अभियंता भूपेश शर्मा ने बताया कि आम तौर पर घरों में 240 वोल्ट की बिजली सप्लाई की जाती है, लेकिन जिस पोल पर युवक चढ़ा उसके तारों की सप्लाई चार लाख वोल्ट है। घरेलू बिजली का तार छूते ही जो झटका लगता है उससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह युवक मौत के कितने करीब था। उन्होंने बताया कि अगर युवक जरा सा भी लाइन को छू जाता तो पलक झपकते ही राख हो जाता।
किसी तरह बहला फुसलाकर पुलिस ने उतारा, उतरते ही पेड़ पर छिपकर बैठे युवक ने पकड़ा, घर वालों को किया सूचित
प्रदेश की सबसे हाई पावर लाइन है यह
बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता भूपेश शर्मा के मुताबिक 400 केवी की यह लाइन बहुत ही खतरनाक होती है। ट्रांसमिशन की यह प्रदेश की सबसे बड़ी लाइन है। छबड़ा से हिंडौन जीएसएस को जा रही थी। जिस समय युवक पोल पर चढ़ा उस समय लाइन चालू थी।
पेड़ पर छिपाकर बैठे युवक ने उतरते ही पकड़ा
पुलिस ने युवक से बात की और उसे विश्वास दिलाया कि नीचे उतरने के बाद कोई उससे कुछ नहीं कहेगा। पुलिस ने ग्रामीणों को पोल से काफी दूर कर दिया और खुद भी दूर चले गए, लेकिन पुलिस ने जानबूझकर एक युवक को पास ही पेड़ पर छिपाकर बिठा दिया। पोल पर चढ़े युवक को जब विश्वास हो गया कि आसपास कोई नहीं है तो नीचे उतरा, उतरते ही पेड़ पर छिपकर बैठे युवक ने उसे दबोच लिया।
रतलाम के नावली थाने में है गुम होने की सूचना
पूछताछ में सामने आया कि युवक रतलाम के नावली थाना निवासी दीपक उर्फ दीपू बावरी है। युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है और घर में भी घर वालों ने उसे कैद करके रखा हुआ था। चार पांच दिन पहले यह युवक किसी तरह छिपकर घर से निकला और ट्रेन में बैठकर गंगापुर आ गया। यहां से इधर उधर घूमता हुआ रविवार को यह टोकसी और डोब गांव के आसपास आ गया।
पत्थर बरसाते रहे ग्रामीण, बचने के लिए चढ़ता गया
युवक के पोल पर चढ़ने के बाद ग्रामीणों ने चारों तरफ से उसे घेर लिया और पत्थर बरसाने लगे। बचने के लिए युवक पोल पर ऊपर चढ़ता गया और बिल्कुल ऊपर तक जा पहुंचा, इसके बावजूद गांव वाले उस पर पत्थर फेंकते रहे।
पुलिस ने ग्रामीणों को हटाया तब जाकर उतरा
वजीरपुर थानाधिकारी जितेंद्र सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। गंगापुर से पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र शर्मा और वजीरपुर तहसीलदार मगनलाल जैन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पहले ग्रामीणों को वहां से हटाया। पुलिस की प्राथमिकता युवक की जान बचाने की थी।