भास्कर न्यूज | गंगापुर सिटी
भीषण गर्मी के चलते रेलवे स्टेशन पर पिछले एक सप्ताह से करीब आधे वाटर कूलर खराब होने से यात्रियों को ठंडा पानी पीने को नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते यात्रियों को महंगे दामों में पानी बोतल खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन पर 6 वाटर कूलर लगे हुए हैं लेकिन इनमें से आधे वाटर कूलर खराब होने के कारण यात्रियों को गर्म पानी पीने को मिल रहा है। यात्रियों ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने गर्मी को देखते हुए अभी तक वाटर कूलर ठीक नहीं कराए हैं। इससे ट्रेनों से रेलवे स्टेशन पर उतरने वाले व जाने वाले यात्रियों को पीने के लिए गर्म पानी मिल पा रहा है। इस संबंध में कई बार यात्रियों व कर्मचारियों ने स्टेशन प्रबंधक से शिकायत की। इसके बावजूद वाटर कूलरों को अब तक ठीक नहीं कराया गया है।