गंगापुर सिटी. दंगल को संबोधित करते डाॅ. कुंजीलाल मीणा।
नगर संवाददाता | गंगापुर सिटी
हरिकीर्तन दंगल जैसे आयोजनों से न केवल आपसी प्रेम और भाईचारा बढ़ता है बल्कि इन कार्यक्रमों से नई पीढ़ी के लोगों को हमारी संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिलता है। समीपवर्ती नंदपुरा गांव में आयोजित हरिकीर्तन दंगल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एससी,एसटी, ओबीसी व अल्पसंख्यक महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष कुंजीलाल मीणा ने यह बात उपस्थितजनों से कही। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए व शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के बिना व्यक्ति का जीवन अंधेरे के समान है। इससे पहले मुख्य अतिथि डॉ. मीणा का आयोजक मंडल द्वारा माला व साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। डॉ. मीणा ने आयोजक मंडल को कलाकारों के उत्साहवर्धन के लिए 31 सौ रुपए नकद पुरस्कार भी दिया। दंगल में बजरंग हरिकीर्तन मंडल नंदपुरा, श्रीजी हरिकीर्तन महुकलां, सैनी हरिकीर्तन मंडल जलोखरा और सत्संग हरिकीर्तन मंडल रूंद सलारपुर की पार्टियों के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक धार्मिक और पौराणिक कथाओं पर आधारित प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मनोजरंन किया। रमेश डंगायच, गनी सदर भी मौजूद थे।
कन्हैया दंगल आज
गंगापुर सिटी | छोटी उदेई गांव में सोमवार को कन्हैया दंगल का आयोजन किया जाएगा। आयोजक से जुड़े संतोष कुमार मीणा ने बताया कि दंगल में हरिया का मंदिर सपोटरा, कैमला व स्थानीय पार्टी भाग लेंगी।