नगर संवाददाता| गंगापुर सिटी
उदेई मोड़ पर नालों में गंदगी कचरा होने से सड़क पर गंदा पानी फैल रहा है जिसके कारण न केवल आसपास रहने वाले लोग और दुकानदार बल्कि राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। पार्षद मुमताज अहमद ने परिषद पर बार बार शिकायत करने के बावजूद नालों की सफाई नहीं कराने का आरोप लगाया है।
पार्षद मुमताज ने बताया कि उदेई मोड़ पर डॉ. हरिचरण शर्मा के मकान से लेकर उदेई मोड़, मनोरथ सिद्ध हनुमानजी मंदिर होते हुए नई अनाज मंडी तक नाले गंदगी और कचरे से अटे हुए है। कई जगहों पर नालों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल रहा है जिसके कारण न केवल आवागमन में परेशानी हो रही है बल्कि गंदे पानी के कारण वातावरण प्रदूषित हो रहा है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्वच्छता अभियान का ढिढोरा पीट रही है लेकिन परिषद का नालों की सफाई की तरफ कोई ध्यान नहीं है जबकि बारिश का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में यदि शीघ्र नालों की सफाई नहीं कराई गई तो बारिश के दिनों में भी परेशानी खड़ी होगी। उन्होंने बताया कि इस बारे में परिषद आयुक्त व अन्य अधिकारियों को कई बार अवगत कराया लेकिन बार बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे लोगों में रोष है। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम बाबूलाल जाट को ज्ञापन देकर शीघ्र नालों की सफाई कराने की मांग की है ताकि लोगों की समस्या का समाधान हो सके।