तेज रफ्तार जुगाड़ चालक ने खोया नियंत्रण, पलटने से एक की मौत
भास्कर न्यूज | गंगापुर सिटी
पीलोदा थाना क्षेत्र के किशोरपुर भट्टे के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार से जा रहा जुगाड़ पलट गया। जुगाड़ पलटने से एक जने की मौके पर ही मौत हो गई जबकि इसमें बैठे सात लोग घायल हो गए। पांच घायलों को सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। दो को सालोदा मोड़ स्थित रिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इस दौरान अस्पताल में पीलोदा गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पीलोदा निवासी मूड़ाराम मीणा, जोगराम, किरोड़ी लाल, खेली, उदयसिंह, नरसी, शिवकान्त मीणा व रामस्वरूप मीणा आदि पीलोदा गांव से गांवड़ा भात देने गए थे। भात देकर सभी लोग जुगाड़ में बैठकर पीलोदा गांव आ रहे थे। इस दौरान जुगाड़ का चालक तेज रफ्तार से जुगाड़ दौड़ा रहा था।
जुगाड़ में करीब 35 लोग बैठे हुए थे। किशोरपुर भट्टे के पास अचानक चालक जुगाड़ से नियंत्रण खो बैठा और जुगाड़ पलट गया। हादसे में पीलोदा निवासी मूडाराम मीणा (50) पुत्र जौहरी लाल मीणा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पीलोदा निवासी जोगराम पुत्र प्रभू लाल मीणा, किरोड़ी पुत्र प्रभू लाल मीणा, खेली पुत्र बत्तू लाल, उदय सिंह पुत्र बिहारी लाल, नरसी पुत्र भजन लाल मीणा घायल हो गए। घायलों को सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। श्रीकान्त मीणा व राम स्वरूप मीणा को सालोदा स्थित रिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कल्ला पुत्र मूड्या की हालत गंभीर होने की वजह से चिकित्सकों उसे जयपुर रेफर कर दिया। सामान्य चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. जी.बी. सिंह सहित अन्य चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया। हादसे की सूचना मिलने पर हादसे के शिकार घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। थोड़ी ही देर अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। जनप्रतिनिधियों ने भी अस्पताल जाकर हादसे के बारे में जानकारी ली।
गंगापुर सिटी . घायलों का हालचाल जानते पूर्व संसदीय सचिव रामकेश मीणा।
जनप्रतिनिधयों ने घायलों की पूछी कुशलक्षेम
पूर्व विधायक रामकेश मीणा ने बुधवार को सामान्य चिकित्सालय व रिया हॉस्पिटल जाकर घायलों की कुशलता पूछी। साथ ही चिकित्सकों को उचित उपचार मुहैया करवाने का अनुरोध किया। पूर्व विधायक मीणा ने मृतक के परिजनों को ढाढ़स बंधवाया। पूर्व विधायक के साथ कई ग्रामीण मौजूद थे। इसी प्रकार एसीएसटी ओबीसी व अल्पसंख्यक महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. कुंजीलाल मीणा ने भी सामान्य चिकित्सालय जाकर घायलों की कुशलता पूछी। सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने भी जुगाड़ पलटने में हुए घायलों की अस्पताल में पहुंचकर कुशलता पूछी।
रोक के बावजूद धड़ल्ले से दौड़ रहे जुगाड़
गंगापुर सिटी उपखंड क्षेत्र में जुगाड़ धड़ल्ले से दौड़ रहे है जिससे आए दिन दुर्घटनाएं बढ़ रही है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन इन्हें रोकने में नाकाम हो रहा है। एक तरफ सरकार ने जुगाड़ संचालन पर रोक लगा रखी है इसके बावजूद इस ओर ध्यान नहीं होने से सड़कों पर जुगाड़ धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। जुगाड़ से अब तक कई लोगों की जान चली गई है। अब देखना है कि पुलिस प्रशासन जुगाड़ को रोक पाते है या नहीं।