- Hindi News
- National
- टोल प्लाजा की बोलेरो ने बाइक को टक्कर मारी, महिला की मौत, शव को गांव लाने पर भड़के ग्रामीण, महिलाओं ने पीछा किया तो भागे पुलिसकर्मी
टोल प्लाजा की बोलेरो ने बाइक को टक्कर मारी, महिला की मौत, शव को गांव लाने पर भड़के ग्रामीण, महिलाओं ने पीछा किया तो भागे पुलिसकर्मी
भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा
रामपुरिया से सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर मंगलवार देर रात भैंसाकुंडल लौटते बाइक सवार दंपती व उनकी बेटी को रगसपुरिया चौराहा पर गंगापुर की तरफ जा रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। गंभीर घायल दंपती व बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मां की मौत हो गई। पिता व पुत्री की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया। सुबह ग्रामीणों को बोलेरो मुजरास टोल प्लाजा की होने की जानकारी मिली तो वे वहां पहुंचे तथा मुआवजे को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद घटना स्थल की बजाय सीधे उसके गांव भैंसाकुंडल पहुंचा दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने कारोई पुलिस के साथ धक्कामुक्की की। महिलाएं उनकी तरफ बढ़ी तो पुलिसकर्मी वहां से भाग निकले। बाद में समझाइश कर मामला निबटाया। भैंसाकुंडल गांव का 51 वर्षीय प्रभुलाल भील, उसकी प|ी 45 वर्षीय नारायणी देवी व 10 वर्षीय बेटी मंशा बाइक से नारायणी के पीहर रामपुरिया में कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। रगसपुरिया चौराहा पर गंगापुर की तरफ जा रही बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी। तीनों को गंभीर चोटें आई। नारायणी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सुबह ग्रामीणों को टक्कर मारने वाली बोलेरो मुजरास टोल प्लाजा का पता चला तो देवली सरपंच अशोक जाट के नेतृत्व में देवली का भैरूलाल जाट, भैंसाकुंडल निवासी वार्ड पंच लादूलाल जाट व लक्ष्मीपुरा के भैरू जाट ग्रामीण मुजरास टोल प्लाजा पहुंचे।
पुलिस ने शव को प्रदर्शन कर रहे स्थल के बजाय सीधे भैंसाकुंडल भिजवाया तो आक्रोशित हुए ग्रामीण
कारोई पुलिस ने महिला के शव को प्रदर्शन स्थल पर पहुंचाने के बजाय सीधे उसके गांव मुजरास भिजवा दिया। समझौते से पहले ही पुलिस द्वारा शव को भैंसाकुंडल पहुंचाने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा पुलिस के साथ धक्कामुक्की करने लगे। ग्रामीण व महिलाएं पुलिस की तरफ बढ़ी तो वे भागने लगे। इस पर उन्होंने उनका पीछा भी किया। दूसरी और टोल प्लाजा पर प्रदर्शन को लेकर मौके पर पहुंची कारोई पुलिस ने ग्रामीणों व टोल वालों के बीच वार्ता करा मुआवजा राशि तय कर गांव में जानकारी दी। ग्रामीणों ने उसे नाकाफी बताते हुए शव का अंतिम संस्कार रोक दिया। शव लेकर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की व प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस पर सहाड़ा एएसपी अरुण माचा, गंगापुर सीओ गोवर्धनलाल, गंगापुर सीआई बंशीलाल, पुर सीआई गजेंद्र सिंह, हमीरगढ़ एसएचओ गजराज सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों व टोल प्लाजा वालों से बातचीत करा शाम करीब चार बजे मामला निबटाया।
समझौते से पहले गाड़ी से नहीं उतारा शव
पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस ने भैंसाकुंडल पहुंचा दिया, लेकिन मुआवजे को लेकर टोल प्लाजा पर प्रदर्शन को लेकर ग्रामीणों ने शव उतारने से मना कर दिया। इस बीच समझौते में मुआवजा राशि तय की गई, लेकिन उसे नाकाफी बताते हुए ग्रामीणों ने भैंसाकुंडल के साथ ही टोल प्लाजा पर फिर प्रदर्शन किया। बाद में मुआवजा राशि में बढ़ोतरी होने पर मामला निबटा।