12 बजे घर से निकला युवक ढ़ाई बजे कुएं के पास अंग्रेजी बबूल से लटका मिला
गंगापुर | सालेरा ग्राम पंचायत के गंभीरपुरा गांव का एक युवक दोपहर 12 बजे घर से खेत के लिए निकला,लेकिन ढ़ाई बजे कुएं के पास स्थित अंग्रेजी बबूल से लटका मिला। युवक के फांसी लगा जान देना सामने आ रहा है। फिलहाल उसके आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला। गंगापुर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से उतरवा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम होगा।
पुलिस ने बताया कि गंभीरपुरा निवासी कैलाश(25)पुत्र कजोड़ गाडरी बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गांव के पास ही उदयराम गाडरी के कुएं के लिए निकला। करीब ढ़ाई बजे गांव की टमू गाडरी कपड़े धोने के लिए कुएं पर पहुंची तो कुएं के पास अंग्रेजी बबूल पर गले में रस्सी बांध कैलाश को लटका देख वह गांव में पहुंची तथा घटना की जानकारी दी। इस पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। शाम को गंगापुर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को फंदे से उतरवाया। कैलाश की शादी करीब तीन साल पूर्व हुई तथा उसके संतान नहीं है।
मृतक कैलाश