जयंती पर निकाली वाहन रैली, प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
गंजबासौदा| शनिवार सुबह डा. भीमराव अंबेडकर की 127वीं जयंती पर नगर में कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया गया। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी कर्मचारी संघ द्वारा अंबेडकर चौराहे पर पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहब के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस मौके पर संजय अहिरवार, पूरनसिंह अहिरवार, हरिराम सूर्यवंशी, तोरणसिंह, हरिसिंह, नारायण सिंह, संजय वंशकार, धप्पूलाल, नत्थूसिंह सहित काफी संख्या में अजाक्स संघ सदस्य मौजूद थे। इसी प्रकार कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग द्वारा सुबह 9 बजे चौराहे पर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया। इसी के साथ युवाओं ने नगर के मुख्य मार्गों से वाहन रैली निकालकर बाबा साहब को याद किया। रैली का कई स्थानों पर समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों व जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वागत किया गया। नगर भ्रमण के बाद अंबेडकर चौक पर रैली का समापन कर संगोष्ठी की गई। इसमें संविधान निर्माण डा अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला गया साथ ही उनके दिखाए गए मार्ग पर चलने की बात कही गई। इस मौके पर काफी संख्या में युवा मौजूद थे। इसी क्रम में भगवान परसराम सेना ने भी चौराहे पर कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। गांधी चौक स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उमावि में भी डा.भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई।
आदमकद प्रतिमा व अंबेडकर भवन विस्तार की मांग
डा.अंबेडकर के अनुयायियों ने नगर पालिका अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपकर चौराहे पर डा. अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा लगाए जाने व नए बस स्टैंड परिसर स्थित मंगल भवन का विस्तार किए जाने की मांग की। राजाराम, कोमलसिंह, मदन अहिरवार ने बताया कि स्टेशन मार्ग स्थित चौराहे पर पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित की गई थी। लंबे समय से उक्त प्रतिमा को हटाकर आदमकद प्रतिमा लगाए जाने की मांग की जा रही है।
साथ ही अंबेडकर मंगल भवन के समीप खाली भूमि का विस्तार कराकर बाउंड्रीवाल निर्माण कराया जाए ताकि मांगलिक कार्यक्रमों के लिए अधिक स्थान मिल सके। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि भवन का दो दिन का किराया एक हजार रुपए किया जाएं ताकि गरीब भी उसका उपयोग कर सकें। इस मौके पर सैय्यद शफाकत हुसैन कादरी, राजू भाई, शकील, लीलाधर सहित काफी संख्या में नागरिक मौजूद थे