शार्ट सर्किट से लगी आग, दमकल के कर्मचारियों ने नहीं उठाया फोन
भास्कर संवाददाता | गंजबासौदा
शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात को शार्ट सर्किट से स्वरूप नगर में मेसर्स एनपीसिंह जादौन के ऑफिस ,गोदाम और आवास शेड में लगी भीषण आग से 8 लाख रुपए की सामग्री जल कर खाक हो गई। आग लगने की घटना का अगर 5 मिनट और पता न चलता तो मजदूरों का जीवन भी संकट में पड़ जाता। आग की चपेट में आने से लोहे की चादर से बनाए गए 8 कमरों में राख के अतिरिक्त कुछ भी नहीं बचा।
सारा सामान जल कर नष्ट हो गया। जिस समय आग लगी उस समय गर्मी का मौसम होने से करीब 20 मजदूर बाहर गहरी नींद में सो रहे थे। जब उनको आग की तेज लपटें और धुआं शेड से निकलता दिखाई दिया तब उनको पता चला कि आग लग गई। एक घंटे तक फायर ब्रिगेड का नंबर लगाते रहे लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। यही हालत कोतवाली थाने की रही। जब पुलिस गश्ती दल को पता चला तो सबसे पहले वह मौके पर पहुंचा। उसके बाद जब आग ठंडी होने लगी तब कहीं जाकर फायर ब्रिगेड पहुंची।
8 कमरों में भरी थी सामग्री
स्वरूप नगर और महागौर फाटक पर बन रहे आरओबी सहित दो अंडर ब्रिज का कार्य ग्वालियर की फर्म को मिला है। इस फर्म ने अपना संयुक्त मुख्य कार्यालय, स्टोर रूम, गोदाम, कर्मचारी आवास आदि स्वरूप नगर रेलवे फाटक के निकट बनाया है। लोहे की चादरों से बनाए गए 8 कमरों में लोहा , सीमेंट, केमिकल, डीजल की टंकी , गैस की टंकी, वायब्रेटर मशीन, खाने की सामग्री, कंप्यूटर, कपड़े, मोबाइल, रुपए आदि सारा सामान रखा रहता था। रेलवे सीमा में बनाए गए परिसर में सुरक्षा और प्रकाश के लिए बिजली कर पावर कनेक्शन लगा था। इन्हीं 8 कमरों में शार्ट सर्किट से आग लगने की घटना हुई और सारा सामान जल गया।