डीजल खत्म होने से बीच रास्ते में बंद हो गया डंपर, लगा जाम
गंजबासौदा| ग्राम मर्दाखेड़ी से रेलवे फाटक क्रमांक 293/सी पहुंच मार्ग पर रेत से भरे डंपर का डीजल खत्म हो जाने से वह मार्ग के बीचोंबीच ही खड़ा हो गया। इससे मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
नागरिकों ने बताया कि डंपर चालक बरेठ से उदयपुर की ओर जा रहा था। वाहन को मार्ग के बीचोंबीच खड़ा कर वह डीजल लेने चला गया। रेलवे फाटक पहुंचने का मुख्य मार्ग होने के कारण आधे घंटे में ही मार्ग के दोनों तरफ लंबी कतारें लग गईं। मार्ग पर जाम लगने से रेलवे कर्मचारियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों ने बताया कि फाटक बंद होने के कारण दोनों तरफ दर्जनों वाहन खड़े थे। फाटक खुलने के बाद वाहनों का निकलना शुरू हुआ लेकिन मार्ग के बीचोंबीच खड़े डंपर से आवागमन अवरूद्ध हो गया। जाम में फंसे चालकों ने धक्का लगाकर डंपर को हटाने का प्रयास किया लेकिन रेत भरी होने के कारण उसे हटाने में नाकाम रहे। आधे घंटे के बाद चालक डीजल लेकर आया तब कहीं जाकर डंपर को हटाया गया।