भास्कर संवाददाता | गंजबासौदा
लघु सिंचाई परियोजना अन्तर्गत कालापाठा एवं अनवाई बैराज का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा।
विधायक कार्यालय मीडिया प्रभारी बृजेश लोधी ने बताया कि विधायक निशंक कुमार जैन किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रदेश सरकार के मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों से निरंतर प्रयास कर रहे हैं। इसी के चलते दोनों गांवों में लघु सिंचाई परियोजना को स्वीकृति मिली है।
दोनों गांवों में सिंचाई परियोजना द्वारा तकनीकी एवं वित्तीय साध्यता का परीक्षण, जल की उपलब्धता, डूब क्षेत्र, वन भूमि एवं वित्तीय मापदंडों के आधार पर मप्र शासन, जल संसाधन विभाग मंत्रालय भोपाल के आदेश पर परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रस्ताव (डीपीआर) तैयार करने की स्वीकृत जारी की जा चुकी है।
कालापाठा बैराज परियोजना, 190 हैक्टेयर में निर्मित होगी, इसकी लागत 330.60 (लाख) एवं अनवाई बैराज 185 हैक्टेयर में निर्मित होगा। इसकी 321.90 लागत (लाख) होगी। परियोजना का निर्माण होते ही किसान को सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध हो जायेगा।