भास्कर संवाददाता | गंजबासौदा
विकास खंड स्तरीय शिक्षक अध्यापक परिवेदना शिविर सोमवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। इसमें विकासखंड के शिक्षकों, अध्यापकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर 114 आवेदन प्रस्तुत किए। संकुल केंद्र गांधी चौक से 6, उदयपुर से 4, सिरनोटा से 31, राजेन्द्र नगर से 10, फ्रीगंज से 6, उत्कृष्ट स्कूल से 36, कन्या शाला मंडी से 11, कुल्हार से 2, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से 2, बीआरसी से 6 आवेदन पत्र प्रस्तुत किए गए। इनका निराकरण संकुल केंद्र से लेकर लोक शिक्षण संचालनालय स्तर पर किया जाएगा। विकास खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश भार्गव ने बताया कि शिक्षा विभाग का यह बहुत ही अच्छा आयोजन है। इससे एक साथ लम्बित मामले निपट जाते हैं ।
शिक्षक समस्या निवारण शिविर में विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं। तीन कक्ष में 4-4 संकुल केंद्रों के केंद्र बना कर आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई थी। सभी आवेदन पत्रों को विधिवत पंजीयन कर आवेदकों को पावती भी प्रदान की गई। शिविर में आए उच्च श्रेणी शिक्षक देवेश मिश्रा ने बताया कि उन्होंने दो आवेदन दिए हैं। उनको नियुक्ति दिनांक से अब तक वेतनमान प्राप्त नहीं हुआ। वेतनमान दिलाया जाए।
दूसरा क्रमोन्नति का आवेदन दिया है। लेकिन उनको नहीं मिली। शिविर के दौरान वरिष्ठ कर्मचारी नेता परसराम दुबे, मध्य प्रदेश अध्यापक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज तेनगुरिया, राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष आशीष दुबे, राज्य कर्मचारी संघ के जिला संगठन मंत्री मनोज तिवारी, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के ब्लाक अध्यक्ष राम बाबू भारद्वाज, शिक्षक संघ मध्य प्रदेश के जिला अध्यक्ष नीतेश मेहता, कर्मचारी कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद कुशवाह, राज्य अध्यापक संघ के देवेंद्र शर्मा, नारायण प्रसाद अहिरवार मदद करते रहे।