गंजबासौदा| पंचपीर नदी किनारे बिजली की हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से 2 भैंसों की मौत हो गई। घटना सुबह उस समय हुई जब दोनों भैंसें चरने के लिए गई थी। नदी के ऊपर से निकला हाइटेंशन लाइन का तार टूट कर गिर गया। इससे पानी में करंट फैल गया। इससे पानी पीने गई दो भैंसें करंट की चपेट में आ गई। नदी के किनारे कई झाड़ियों में आग लग गई। तार पानी में गिरने से उसमें करंट फैल गया। जैसे ही दोनों भैंसें नदी में पानी पीने पहुंची, वैसे ही वे करंट की चपेट में आई। भैंस का मालिक वार्ड क्रमांक 14 का निवासी बताया जा रहा है। इस घटना से पशु मालिक को सवा लाख रुपया की क्षति बताई जा रही है। पूरे शहर और ग्रामीण क्षेत्र में हाइटेंशन लाइन असुरक्षित है। कुछ दिन पहले ग्राम मूंडरा के समीप छह गायें बिजली के करंट से मर गई थी। ग्राम सहायवा में पिछले साल दो महिलाओं की मौत हो गई थी।