बीएससी तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की कॉपियों की दोबारा कराई जाए जांच
गंजबासौदा| सोमवार को दोपहर एनएसयूआई पदाधिकारियों ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय कुलपति के नाम एक ज्ञापन सुभद्रा शर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय प्राचार्य को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बीएससी तृतीय और पांचवें सेमेस्टर की कॉपियों की दोबारा जांच कराए जाने की मांग की गई। प्रशांत यादव ने बताया कि कॉपियों की जांच में त्रुटि की गई है।
महाविद्यालय में अध्ययनरत कई छात्राओं के तृतीय व पांचवें सेमेस्टर में बैक लगे हैं जबकि यही छात्राएं अन्य सेमेस्टरों में अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण हुई हैं। छात्राओं का कहना है कि परीक्षा देने के बाद उन्हें पूरा विश्वास था कि वह अच्छे अंकों के साथ सेमेस्टर में पास हो जाएंगी लेकिन परिणाम विपरीत आया। विधानसभा अध्यक्ष सचिन दांगी ने बताया कि सुभद्रा शर्मा शासकीय कन्या महाविद्यालय में तृतीय व पांचवें सेमेस्टर की दर्जनों छात्राओं के बैक लगे हैं। इससे उनका पूरा एक वर्ष खराब होगा। इसके चलते छात्राएं मानसिक रूप से परेशान हैं।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि कॉपियों की दोबारा जांच कराई जाए ताकि छात्राओं को परेशान न होना पड़े। साथ ही मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। यदि जल्द से जल्द कॉपियों की जांच नहीं कराई गई तो एनएसयूआई द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।