- Hindi News
- National
- विकसित नहीं हुआ फल बाजार, विक्रेताओं ने नगर पालिका के खिलाफ किया प्रदर्शन
विकसित नहीं हुआ फल बाजार, विक्रेताओं ने नगर पालिका के खिलाफ किया प्रदर्शन
भास्कर संवाददाता | गंजबासौदा
पुराने मेला ग्राउंड पर मंगलवार को आक्रोशित थोक फल- सब्जी व्यापारियों ने जमकर नपा के विरोध में नारेबाजी की। व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि नए बस स्टैंड के समीप उन्हें डेढ़ साल पहले थोक मार्केट की जगह चिन्हित की गई है लेकिन अब तक जगह उपलब्ध नहीं कराई है।
कई बार नपा अध्यक्ष मधुलिका अग्रवाल और सीएमओ से मिल चुके हैं। आश्वासन देते हैं लेकिन समस्या का निवारण नहीं करते। इससे व्यापारी तंग आ चुके हैं। व्यापारियों का कहना है कि इस मार्केट को बनाने के लिए नगरपालिका ने डेढ़ साल पहले आश्वासन दिया था। आज तक उसके विकास के लिए कार्रवाई नहीं की गई। यहां तक की चिन्हित जगह का सीमांकन नहीं करा पाई। इसके कारण उनका पुराने मेला ग्राउंड में व्यापार करना समस्या बना हुआ है। आए दिन कुछ न कुछ परेशानी आ रही है। व्यापारियों ने बताया कि नगरपालिका की इस वायदा खिलाफी के विरुद्ध 18 मई को मुख्यमंत्री से मिलकर ज्ञापन देंगे।
शिवनारायण साहू ने कहा कि मेला ग्राउंड में चारों तरफ मकान धर्मशाला बन गए हैं। इस वजह से जगह नहीं बची। थोक व्यापार के लिए समस्या आ रही है। अब्दुल बहाव कहते है कि प्रतिदिन चार से पांच ट्रक फल सब्जी आती है। टमुन्नालाल कुशवाह ने बताया कि ट्रकों की आवाजाही समस्या बनी है। सड़क छोटी पड़ रही है। पुलिस वाहन को घुसने नहीं देती।
रमेश चंद जैन की मांग थी कि नपा की सुस्त नीति के कारण थोक व्यापार की समस्या दिन ब दिन गंभीर हो रही है। राहुल जैन ने बताया कि नया बाजार में जगह मिलने से वाहनों का शहर प्रवेश बंद हो जाएगा।