नियमितिकरण की मांग के लिए रोजगार सहायक धरने पर बैठे
गंजबासौदा| विकासखंड की 101 ग्राम पंचायतों के रोजगार सहायकों ने मंगलवार को जनपद प्रांगण में टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु कर दी है। उनकी यह हड़ताल प्रांतीय संगठन के आव्हान पर की जा रही है।
संगठन के अध्यक्ष दीपक रघुवंशी ने बताया कि सरकार को कई बार मांग पत्र दिया जा चुका है। अब तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। उनकी प्रमुख मांग है कि ग्राम पंचायतों में पदस्थ रोजगार सहायकों को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारी के रुप में संविलियन किया जाए। उन्हें नियमित किया जाए। कृष्णपाल बघेल ने बताया जब तक उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता हड़ताल जारी रहेगी। मुख्यमंत्री के आगमन पर उनको ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग रखेंगे। इस मौके पर शरद गौड़, धमेंद्र राठौर, प्रीतम रघुवंशी, संजीव साहू, पूरनसिंह आदि कई रोजगार सहायक मौजूद थे। इनके हड़ताल पर जाने के बाद ग्राम पंचायतों का कार्य प्रभावित हो गया है।